- लेखपाल पद पर चयनित दिव्यांग 10 माह से ईको गार्डेन में कर रहे है, धरना अनशन
कानपुर। दिव्यांग महागठबन्धन के आवाहन पर उत्तर प्रदेश के दिव्यांग संगठन भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर खाट विछाओ अधिकार दिलाओ आन्दोलन करेंगे। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की बैठक शास्त्री नगर सेन्ट्रल पार्क में आयोजित हुयी। बैठक में 10 माह से ईको गार्डेन लखनऊ में धरना अनशन कर रहे लेखपाल पद पर चयनित ओ. एच. श्रेणी के दिव्यांगों के समर्थन में भारी संख्या में लखनऊ पहुंचने का निर्णय लिया।
दिव्यांग महागठबन्धन के महासचिव वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि सरकार ने लेखपाल पद पर दिव्यांग कोटे का विज्ञापन जारी किया। विज्ञापन के बाद दिव्यांगों ने पेपर दिया पास होने के बाद दस्तावेजों का सत्यापन हुआ। उसके बाद राजस्व परिषद के अधिकारियों ने यह कह कर नियुक्ति पत्र देने से मना कर दिया कि आप अक्षम हैं।
वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि राजस्व परिषद के अधिकारी भ्रष्टाचार के चलते ओ.एच.श्रेणी के दिव्यांगजन के साथ अन्याय कर रहे हैं। समान्य कोटे में चयनित ओ.एच.श्रेणी के दिव्यांगजन को नियुक्ति पत्र दे दिया है और दिव्यांग कोटे के दिव्यांगजन को अक्षम बता कर नियुक्ति पत्र देने से मना कर दिया है। महासचिव वीरेन्द्र कुमार ने सभी दिव्यांग संगठनों से 25 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचने की अपील किया। बैठक में महासचिव वीरेन्द्र कुमार. राहुल कुमार, आनन्द तिवारी, अरविन्द सिंह, अल्पना कुमारी, गुड्डी दीक्षित, गौरव कुमार, वैभव दीक्षित, मीरा कुशवाहा, तृप्ति खरे, गोमती वर्मा, याशमीन आदि शामिल थे।