दिल्ली की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गृह मंत्री आशीष सूद, दिल्ली पुलिस आयुक्त और कानून व्यवस्था एवं समन्वय पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को देश में प्रवेश करने, उनके दस्तावेज बनवाने और उन्हें यहां रहने की सुविधा देने में मदद करने वाले पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्रालय ने बताया कि अमित शाह ने कहा, दिल्ली में अंतरराज्यीय गिरोहों को निर्मम तरीके से खत्म करना दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार को जल-जमाव वाले स्थानों की पहचान करके जल-जमाव से निपटने के लिए ‘मानसून एक्शन प्लान’ तैयार करना चाहिए। केंद्रीय गृह मंत्री ने निर्देश दिया कि दिल्ली में निर्माण से संबंधित मामलों में दिल्ली पुलिस की अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी। 2020 के दिल्ली दंगों के मामलों के त्वरित निपटान के लिए दिल्ली सरकार को विशेष अभियोजकों की नियुक्ति करनी चाहिए ताकि इन मामलों का जल्द निपटारा किया जा सके।
