कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह द्वारा अपराह्न 3:50 बजे नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बिरहाना रोड, सिविल लाइन (मेकरॉबर्ट्स हॉस्पिटल) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तीन ANM (सहायक नर्सिंग मिडवाइफ) गैरहाजिर मिली।
उपस्थित चिकित्सक द्वारा अवगत कराया गया कि अमरावती, संगीता वर्मा एवं रीता स्कूल में वैक्सीनेशन के लिए गई थी जबकि स्कूल 2 बजे बंद हो जाते है, 4 बजे तक वे वापस नहीं लौटीं निरीक्षण के दौरान फोन पर उनसे जानकारी प्राप्त की गई, जिसके संबंध में उन्होंने अवगत कराया कि वे निजी कार्य हेतु रुक गई थीं जिसके संबंध में जिलाधिकारी ने तीनों A N M से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि शासकीय समय में निजी कार्य बर्दाश्त नहीं होगा।
निरीक्षण के दौरान एल.टी. दीपक वर्मा अनुपस्थित पाए गए जिनके संबंध में अवगत कराया गया कि उनकी तैनाती चटाई मोहाल में है वे मंगलवार , बृहस्पतिवार तथा शनिवार को निर्धारित दिवसों में उपस्थित रहते है किन्तु आज बिना सूचना के अनुपस्थित है जिसके संबंध में अवकाश का कोई आवेदन पत्र उपलब्ध नहीं मिला इस इस पर जिलाधिकारी ने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन किया गया जिसमें 32 मरीजों का रिकॉर्ड पाया गया। साथ ही जिसमे ई-संजीवनी ऐप के मरीजों की भी एंट्री की गई थी जिसके संबंध में प्रभारी डॉ. रमित रस्तोगी द्वारा अवगत कराया गया कि नया रजिस्टर एक वर्ष पूर्व ही निर्गत हुआ था जिसका प्रयोग नहीं किया जा रहा था। पुराने रजिस्टर में आवश्यक कॉलम जैसे मोबाइल नंबर आदि नहीं होता है इस पर जिलाधिकारी ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक एवं फार्मासिस्ट मनोज कुमार से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा उनके पर्यवेक्षण में शिथिलता बरतने के दृष्टिगत उनका स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
