- 3770 बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
कानपुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी को जनपद कानपुर नगर के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष ‘बूथ डे’ आयोजित किया जाएगा। अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के दिन विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी 3770 बूथों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त 31 जनवरी और 01 फरवरी को भी बूथ डे का आयोजन किया जाएगा, जिनमें मतदाता सीधे अपने मतदान केंद्र पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस अवधि में नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम विलोपन, प्रविष्टियों में संशोधन, पता परिवर्तन और डुप्लीकेट मतदाता पहचान पत्र से संबंधित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए निर्धारित प्रारूपों में आवेदन ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, बूथ लेवल अधिकारी या विशेष अभियान की तिथियों में सीधे मतदान केंद्र पर उपस्थित बीएलओ को दिए जा सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वही व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने के पात्र हैं, जो अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हों या उक्त तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे। इसके साथ ही 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर की अर्हता तिथियों के आधार पर 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे और नियमानुसार उनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।
इस अवसर पर जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक उपस्थित रहेंगे। राजनीतिक दलों और आम नागरिकों द्वारा प्रस्तुत किए गए आवेदन पत्रों से संबंधित सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी, कानपुर नगर की आधिकारिक वेबसाइट पर विधानसभावार देखी जा सकती हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों का लाभ उठाकर अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
