कानपुर। केंद्रीय बजट 2025 – 26 केवल आंकड़ों का लेखा जोखा नहीं है बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की नींव है। युवाओं को रोजगार पाने वाला ही नहीं देने वाला भी बनना चाहिए। यह बात किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक महेश त्रिवेदी ने शनिवार को किदवई नगर स्थित वेडिंग वेल गेस्ट हाऊस में आयोजित बजट संगोष्ठी में व्यापारियों को संबोधित करते हुए कही।
महेश त्रिवेदी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब हमारे युवाओं के हाथों में रोजगार होगा। केंद्रीय बजट देश को स्थिरता से समृद्धि की ओर ले जाने वाला दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बजट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार की दिशा में यह मील का पत्थर साबित होगा। केंद्रीय बजट में आर्थिक विकास की गति, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति, सुशासन के साथ सबको साथ लेकर चलने की तैयारी है। किसान,युवा, महिला और गरीब को केंद्र में रख कर देश के समग्र विकास का रोड मैप तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब और किसान को मजबूत किये बिना देश सशक्त नहीं हो सकता।केंद्रीय बजट में इसी मूल भावना को प्रतिबिंबित किया गया है।
यहां जय प्रकाश कुशवाहा, अचल गुप्ता, जसविंदर सिंह,अरविन्द वर्मा, संजय कटियार, मनीष त्रिपाठी, प्रकाश वीर आर्य,प्रवीन गुप्ता, पार्षद मनीष मिश्रा, विनीत दुबे, रवि सतीजा आदि रहे। इसी तरह छावनी विधानसभा की बजट संगोष्ठी में पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया ने कहा कि सड़क,रेल लॉजिस्टिक नेटवर्क, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं ऊर्जा न सिर्फ विकास को गति देती है बल्कि राष्ट्रीय एकता, अवसर निर्माण और रणनीतिक गतिशीलता को भी बढ़ाती है।
