उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision- SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट आज (6 जनवरी 2026) जारी कर दी गई है। इसकी जानकारी निर्वाचन विभाग के प्रमुख नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये दी। ऐसे में अगर किसी को ड्राफ्ट लिस्ट देखना है तो क्या करना होगा चलिए बताते हैं।
यूपी में अब तक कुल 15 करोड़ 44 लाख मतदाताओं के नाम दर्ज थे। लेकिन SIR के बाद जारी किए गए ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में करीब 12 करोड़ 55 लाख से ज्यादा मतदाता शामिल हैं। ऐसे में लगभग 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम लिस्ट से हटाए गए हैं। हटाए गए नामों में मृतकों, राज्य परिवर्तन, अनुपस्थिति या फॉर्म जमा न होना और अन्य जगह नामांकन करना शामिल है।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है नाम, तो क्या करें?
जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है वह 6 फरवरी तक चुनाव आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन या संबंधित बीएलओ के पास जाकर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त नवदीप रिणवा ने बताया था कि जिन मतदाताओं का पता नहीं चल पा रहा, या अगर उनके नाम लिस्ट से हटा दिए गए हैं तो उन्हें अपना नाम जुड़वाने के लिए 2003 की SIR लिस्ट में शामिल होने का प्रमाण या चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित कोई भी दस्तावेज दिखाना पड़ेगा।
यह आपत्ति फॉर्म 6 भरकर दर्ज की जा सकती है। इन फॉर्म को https://voters.eci.gov.in/ पर ऑनलाइन या ECI Net ऐप के माध्यम से जमा कर सकते हैं। वहीं ऑफलाइन फॉर्म जमा करने के लिए बीएलओ से संपर्क साधना होगा। इसके बाद आपका नाम जुड़ जाएगा। किसी के कार्ड में कुछ गलती होने पर फॉर्म-8 भरना होगा।
कौन-कौन से दस्तावेज मान्य?
- आधार कार्ड के साथ मार्कशीट
- पुरानी वोटर लिस्ट में परिवार का नाम
- नागरिकता प्रमाण पत्र
- जन्म प्रमाण पत्र
- बिल या पासपोर्ट
लिस्ट में कैसे ढूंढें अपना नाम?
- प्रदेश के मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम देख सकते हैं।
- मतदाता लिस्ट में अपना नाम चेक करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर जाएं।
- इसके बाद Special Intensive Revision (SIR) – 2026 पर क्लिक करें।
- फिर Search Your Name in Last SIR पर जाएं।
- लिस्ट को दो तरीकों से देख सकते हैं, पहला Electoral Details है और दूसरा तरीका Last SIR E-ROLL है।
- Electoral Details के जरिये खोजें पर क्लिक करें।
- यहां अपना नाम, राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र, पोलिंग स्टेशन समेत जरूरी जानकारी भरें।
- इसके बाद कैप्चा भरकर सर्च ऑप्शन पर क्लिक कर दें।
- वहीं अगर आप Search in Last SIR E-ROLL से चेक कर रहे हैं तो अपना राज्य चुनकर क्लिक व्यू पर जाएं।
- इसके बाद अपना जिला और विधानसभा चुने और Show ऑप्शन पर क्लिक करें। पूरा विवरण खुलकर आ जाएगा, जिसमें आप अपना नाम आसानी से ढूंढ पाएंगे।
