- जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों एवं अपर नगर मजिस्ट्रेटों को 7 नवंबर तक निरीक्षण रिपोर्ट देने के निर्देश दिए
- 10 नवंबर को होगी आपत्तियों के निस्तारण की बैठक, संबंधित विद्यालय प्रबंधकों को उपस्थित होने के निर्देश
कानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए जनपद में 116 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों के निर्धारण को लेकर प्राप्त आपत्तियों एवं प्रत्यावेदनों का स्थलीय सत्यापन कराया जाएगा। जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं अपर नगर मजिस्ट्रेटों को 7 नवंबर तक निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जनपदीय परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक ने अवगत कराया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तावित 116 परीक्षा केंद्रों के संबंध में विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से 28 अक्टूबर तक आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नए परीक्षा केंद्र बनाए जाने तथा संसाधनों की कमी के आधार पर प्रस्तावित केंद्रों को निरस्त किए जाने से संबंधित आपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण किया जाए। संबंधित अधिकारी शासनादेश में निर्धारित मानकों के अनुरूप विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का सत्यापन कर अपनी रिपोर्ट 7 नवंबर तक प्रस्तुत करें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण से संबंधित प्रत्यावेदनों के निस्तारण के लिए 10 नवंबर को पुनः बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें नए परीक्षा केंद्र बनाए जाने अथवा प्रस्तावित केंद्र निरस्त किए जाने के संबंध में प्रत्यावेदन देने वाले विद्यालय प्रबंधकों को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण शासनादेश के प्रावधानों के अनुरूप जनपदीय समिति द्वारा किया जाएगा।
