उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। अब योगी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने ओवैसी के हालिया बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि दोनों दल मुसलमानों को सिर्फ नफरत करना सिखाते हैं।
ओम प्रकाश राजभर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए ओवैसी के बयान पर कहा, ‘उनकी पार्टी है और वे अपनी पार्टी के मालिक हैं। अपने समाज की बेहतरी के लिए, अपने समाज के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। सपा और कांग्रेस मुसलमानों को सिर्फ नफरत सिखाते हैं, वोट लेते हैं। कम से कम वो नफरत नहीं सीखा रहे। वे कह रहे हैं कि हमारा भी अधिकार है, हमारा भी हिस्सा है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘समाजवादी पार्टी और कांग्रेस कभी नहीं चाहेंगे कि हम मान लें मुसलमानों के नेता ओवैसी हैं, क्योंकि अखिलेश यादव और राहुल दोनों खुद को उनका नेता मानते हैं।’
इस दौरान राजभर ने सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा, ‘भाटी ने अपने बयान में ब्राह्मण की तुलना वैश्या से कर दी। जाट और गुर्जर की महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणी की थी।’
ओपी राजभर ने आगे हरदोई में सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली के अभद्र बयान को लेकर कहा कि उन्होंने अपनी ही पार्टी की पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, पूर्व विधायक राजेश्री देवी समेत महिला नेताओं को लेकर घटिया बातें की थी। इसके अलावा उन्होंने चंदौली में सपा की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल पर घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट का भी जिक्र किया।
उन्होंने इन सभी घटनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि सपाई ये सब क्या तमाशा कर रहे हैं। इसके बाद ये लोग सरकार बनाने की बातें करते हैं।
