उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने तीखा तंज कसा है। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर दान घोटाले की जांच कर रही एसआईटी को सचेत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “एसआईटी सावधान रहे… कहीं जांच रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए। फिर वे कहेंगे, 15 दिन और इंतजार कीजिए।” सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि सरकार असल में सबूतों को छिपाने के लिए जांच का समय आगे बढ़ा रही है।
इस पूरे विवाद पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा दिलाया था कि एसआईटी जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा। सीएम योगी ने कहा, “राम मंदिर के लिए देश ने 500 सालों का लंबा इंतजार किया है, तो इस जांच के लिए लोग 15 दिन और इंतजार कर लें।” इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी राम भक्तों पर गोलियां चलवाते थे और ‘जय श्री राम’ बोलने पर लाठियां भांजते थे, वे आज हमें उपदेश दे रहे हैं। सीएम ने जनता से अपील की है कि अगर किसी के पास इस मामले से जुड़ा कोई भी सबूत हो, तो वह सीधे एसआईटी को सौंप सकता है। सीएम के इसी बयान पर यादव ने तंज कसा।
