कानपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, मलेरिया निरीक्षक मन्जीत कुमार यादव, लैब टेक्नीशियन गणेश चन्द्र शंखवार, पाथ के रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकांत एवं जनपदीय टीम द्वारा बिधनू के ग्राम भारू तथा पतारा के ग्राम रंजीतपुर में बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन एवं अन्य निरोधात्मक गतिविधियों का निरीक्षण किया गया।

ग्राम भारू में लार्वीसाइडल स्प्रे, इंडोर स्पेस स्प्रे, बुखार सर्वेक्षण एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। वहीं बाढ़ प्रभावित मेहरबान सिंह का पुरवा एवं तात्या टोपे नगर का निरीक्षण कर प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर, सोर्स रिडक्शन एवं सायंकालीन फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ओआरएस पैकेट एवं क्लोरीन टैबलेट वितरित किए गए।
पांडु नगर, ग्वालटोली, चौबेपुर, आजाद नगर एवं बिधनू से डेंगू के मामले सामने आने पर संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई कराई गई। विभिन्न क्षेत्रों में 942 घरों का सर्वेक्षण कर 23 घरों में लार्वा पाए गए तथा 30 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया।
रंजीतपुर, भारू एवं मेहरबान सिंह का पुरवा में स्वास्थ्य शिविर लगाकर कुल 111 मरीजों की जांच की गई। लोगों को घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा शरीर को ढककर रखने की सलाह दी गई। वहीं टीम द्वारा नौबस्ता गल्लामंडी के मिल्लत नगर क्षेत्र में भी एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया।
संचारी रोगों से संबंधित सूचना एवं सहायता के लिए यूएचएम चिकित्सालय परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 तथा नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2526004 एवं 2526005 पर संपर्क किया जा सकता है।
