कानपुर। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे, प्रदेश मंत्री रोशन गुप्ता एवं जिला कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता कुक्कू के नेतृत्व में मिठाई एवं रेस्टोरेंट कारोबारियों के साथ दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थ एवं मिठाई कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर सफाई न होने के नाम पर लाइसेंस निलंबन तथा जांच और सैंपलिंग के नाम पर हो रही कार्रवाई से व्यापारियों को राहत दिलाने की मांग को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के मंडलीय सहायक आयुक्त सुनील कुमार शर्मा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा गया।
वार्ता में यह भी तय हुआ कि व्यापार मंडल स्वयं अपने मिठाई एवं रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों के किचन और बाथरूम की साफ-सफाई बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि हमारा संगठन खाद्य पदार्थों में मिलावट का सदैव विरोध करता है और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के पक्ष में है लेकिन खाद्य सुरक्षा के नियमों के पालन के नाम पर ईमानदार व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न भी नहीं होना चाहिए।
यह भी कहा कि दीपावली वर्ष का सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक पर्व है और इस समय मिठाई एवं खाद्य कारोबारियों का व्यापार अपने चरम पर होता है। ऐसे समय में सफाई जैसी सामान्य कमियों के आधार पर लाइसेंस निलंबित कर देना व्यापारी के पूरे कारोबार को प्रभावित कर देता है। लाइसेंस निलंबित होने से व्यापारी कानूनी रूप से अपना माल बेचने में असमर्थ हो जाता है और उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कहा कि कानपुर के बाहर के जिलों से अधिकारियों के आकर कार्यवाही करने से स्थानीय व्यापारियों में भय का वातावरण बन रहा है इस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।
वार्ता के दौरान मंडलीय सहायक आयुक्त सुनील शर्मा ने आश्वासन दिया कि विशेष परिस्थितियों को छोड़कर दीपावली तक खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही सफाई एवं सामान्य कमियों के आधार पर निलंबित किए गए मिठाई एवं रेस्टोरेंट कारोबारियों के लाइसेंस बहाल करने का भी आश्वासन दिया।
