- नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य गोपीकृष्ण पांडे ने बताई अपनी कार्ययोजना, कहा, दक्षिण में बना अस्पताल मार्च में शुरू हो जाएगा, दीवाली बाद अधिकारियों की बैठक कर शहर की समस्याओं के समाधान पर बात होगी
कानपुर। राज्यसभा सांसद गोपीकृष्ण पांडे ने गुरुवार को कहा कि उनकी प्राथमिकता ट्रैफिक सुधार है। दक्षिण क्षेत्र में बना सौ बेड का अस्पताल मार्च में शुरू हो जाएगा। यह भी दावा किया कि इस बार जिले की सभी सीटें भाजपा जीतेगी और तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
सांसद बनने के बाद गोपीकृष्ण पांडे पहली बार कानपुर प्रेस क्लब में ‘प्रेस से मिलिए’ आयोजन में पत्रकारों से रूबरू बात कर रहे थे। पांडे ने कहा कि अब यहां की ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त है और इसे सुधारना हमारी प्राथमिकता है। नगर निगम, कलेक्ट्रेट जैसे विभाग, जिनसे आए दिन जनता को काम पड़ता है, उनके बड़े अफसर दक्षिण क्षेत्र में भी बैठें। इनका दफ़्तर एक ही परिसर में हो। जैसे एसडीएम और अपर नगर आयुक्त भी यहां बैठें। डीसीपी का कार्यालय पहले से है। यह भी विचार हो सकता है कि भविष्य में रजिस्ट्री दफ़्तर का भी एक अधिकारी यहां बैठे। तब दक्षिण क्षेत्र की जनता को दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह अफसर यहीं इनकी समस्या सुनें और समाधान करें। यदि उनसे ऊपर के अधिकारी का अधिकार हो तो फाइल वहां भेज दें। दक्षिण का अस्पताल भी शुरू हो जाए और फिर किसी हद तक ट्रैफिक सुधर सकता है। ओवरब्रिजों की भी ज़रूरत है। कानपुर के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की भी योजना है और इस पर शीघ्र अमल होगा। दीवाली बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
किदवईनगर में बनाएंगे कार्यालय, नियमित होगी सुनवाई
पांडे ने बताया कि शीघ्र ही किदवई नगर में उनका कार्यालय खुल जाएगा। वहां वह खुद या फिर उनका कोई जिम्मेदार प्रतिनिधि नियमित बैठेगा और जनता की शिकायतें सुनेगा, संबंधित अधिकारियों से बात करके उनका तय समय में समाधान किया जाएगा। यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, ज़ब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे, ऐसी व्यवस्था कार्रवाई थी। हर सोमवार हर मंत्री के दफ्तर का दरवाजा आम जनता के लिए खुला रहता था और समस्या का समयबद्ध समाधान होता था।
कोई गुट नहीं, सब ठीक हो जाएगा
भाजपा के भीतर गुटबाज़ी के सवाल पर गोपीकृष्ण पांडे ने कहा कि हो सकता है कुछ कमियां हों, लेकिन यह कोई बड़ी बात नहीं है। कुछ समय बाद सब ठीक हो जाएगा। सभी नेता और कार्यकर्ता पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। यह भी कहा कि उन जैसे छोटे कार्यकर्ता को इतना बड़ा पद दे दिया गया तो किसी को कभी भी जिम्मेदारी मिल सकती है ।
जिले की सभी सीटें जीतेंगे
पांडे ने दावा किया कि इस बार भाजपा कानपुर की सभी दस सीट जीतेगी। सीसामऊ, आर्यनगर और छावनी क्षेत्र पर खास फोकस है। इन सभी सीटों पर जिताऊ प्रत्याशी उतारा जाएगा और इसके लिए क़वायद चल रही है। संगठन तेज़ी से काम कर रहा है। बूथ स्तर तक संपर्क हो रहा है l इस बार प्रदेश में फिर भाजपा सरकार बनेगी।
पत्रकारों के लिए खास इंतज़ाम
पांडे ने वादा किया कि अब दक्षिण क्षेत्र में भी कानपुर प्रेस क्लब का भव्य तिमंजिला कार्यालय बनवाने का इंतज़ाम करेंगे। साथ ही पत्रकारों के इलाज और पेंशन के लिए भी केंद्र और प्रदेश सरकार के सामने भी यह मामला उठाएंगे। यह भी हमारी जिम्मेदारी है।
