कानपुर। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज थाना गोविन्द नगर क्षेत्रांतर्गत पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण अरीबा नोमान, सहायक पुलिस आयुक्त बाबूपुरवा एवं प्रभारी निरीक्षक थाना गोविन्द नगर द्वारा संयुक्त रूप से भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।
इस दौरान रामलीला मैदान में संचालित पटाखा दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों एवं अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने, दुकानों में ज्वलनशील पदार्थ न रखने, बीड़ी-सिगरेट एवं अन्य धूम्रपान सामग्री का प्रयोग न करने तथा अग्निशमन उपकरणों को सदैव क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार एवं सर्राफा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर व्यापारियों से वार्ता की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक सुझाव एवं जानकारी साझा की गई। व्यापारियों को प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने एवं किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
तत्पश्चात थाना क्षेत्र के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस अधिकारियों द्वारा पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा आमजन की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
