- शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मर्चेन्ट चेम्बर हाल, सिविल लाइन्स, कानपुर नगर में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। इस दौरान कुल 76 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 21, पुलिस विभाग के 11, नगर निगम के 21, के०डी०ए० के 02, पी०ओ० डूडा के 04, केस्को के 03, सी०एम०ओ० के 01, बी०एस०ए० के 01, डी०एस०ओ० के 01, जलकल के 06 तथा समाज कल्याण विभाग के 05 प्रार्थना पत्र शामिल रहे। प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से 08 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक शिकायत का निस्तारण इस प्रकार किया जाए कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत प्राप्त हो तथा वह निस्तारण से संतुष्ट रहे।
मौके पर निस्तारित प्रकरणों में ग्राम रामपुर भीमसेन के प्रार्थी रणविजय सिंह का खतौनी में छूटा हुआ नाम दर्ज कराया गया। ग्राम सेन पूरब पारा के प्रार्थी देव नारायण शुक्ला के भूमि रकबे में त्रुटि का संशोधन कराया गया। ग्राम मोहम्मदपुर की आराजी संख्या 392 में प्रार्थी मयंक अग्रवाल का खातेदारी अंश 1/3 से 1/2 दर्ज कराया गया। ग्राम बिनौर की आराजी संख्या 2471 में विक्रेता बल्देव सिंह का नाम खतौनी से पृथक कर प्रार्थिनी कल्पना सिंह के नाम नियमानुसार अंश दर्ज कराया गया।
इसी क्रम में प्रार्थी शंकर लाल का अन्त्योदय राशन कार्ड कोटेदार कृष्ण कुमार, निवासी विजय नगर के यहां स्थानांतरित कराया गया। ग्राम भौती प्रतापपुर की गाटा संख्या 1481, 1466 एवं अन्य 6 आराजियों में खातेदार विनोद मुरारका का हिस्सा 1/1 दुरुस्त कराया गया। ग्राम उदयपुर की नवीन खतौनी में प्रार्थिनी कमला का नाम दर्ज कराया गया तथा ग्राम भौती प्रतापपुर की आराजी संख्या 1498 में प्रार्थी गुरुबचन सिंह का खातेदारी अंश 1/5 के स्थान पर 1/3 अंकित कर खतौनी में दर्ज कराया गया। उक्त सभी प्रकरणों में तत्काल अभिलेख उपलब्ध कराए जाने पर संबंधित प्रार्थी संतुष्ट हुए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे जैन, उप जिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाक्टर हरि दत्त नेमी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
