कानपुर के घाटमपुर में शराब और सनक की एक खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। यहां एक ट्रक ड्राइवर सुरेंद्र उर्फ स्वामी ने नशे की हालत में अपनी पत्नी रूबी और ढाई साल के मासूम बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी आए लेकिन दरवाजा बंद होने से अंदर नहीं जा सके और वापस लौट गए। देर रात सुरेंद्र के बड़े भाई पप्पू के आने पर भयानक मंजर सामने आया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। DCP दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि शराब के विरोध पर गुस्साए सुरेंद्र ने यह वारदात की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पति-पत्नी के बीच शराब को लेकर होने वाला क्लेश सामने आया है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी सुरेंद्र उर्फ स्वामी की तलाश में दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
