डीएम की अपील: अफवाहों पर ध्यान न दें, घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, पैनिक गैस बुकिंग से बचें

कानपुर। जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के क्रम के अनुसार नियमित रूप से सिलेंडरों की होम डिलीवरी की जा रही है। प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों की सतत निगरानी की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में 11 से 15 मार्च के बीच गैस सिलेंडरों की बुकिंग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ बुकिंग कराए जाने के कारण बुकिंग का आंकड़ा अधिक दिखाई दे रहा है, जबकि सिलेंडरों की आपूर्ति पिछले वर्ष की भांति ही है। पिछले वर्ष की तुलना में सिलेंडर आपूर्ति में कमी नहीं है।
5 दिन में पैनिक से 1.76 लाख से बढ़कर 4.90 लाख पहुंची बुकिंग
जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 11 से 15 मार्च 2025 के बीच जनपद में कुल 1,76,722 गैस सिलेंडरों की बुकिंग हुई थी, जबकि इसी अवधि में वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 4,90,658 हो गई। यानी पांच दिनों में बुकिंग लगभग तीन गुना बढ़ गई। इस दौरान 14 मार्च को 1,01,628 और 15 मार्च को 1,02,526 सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई, जो सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है।
सिलेंडर की डिलीवरी बढ़ी: 11–15 मार्च 2025 बनाम 2026 की तारीखवार तुलना
उन्होंने बताया कि सिलेंडरों की डिलीवरी लगभग सामान्य स्तर पर है। 11 मार्च 2025 को 20,224 सिलेंडरों की डिलीवरी हुई थी, जबकि 11 मार्च 2026 को 17,454 सिलेंडर वितरित किए गए। 12 मार्च 2025 को 28,999 के मुकाबले 12 मार्च 2026 को 19,353 सिलेंडर दिए गए। 13 मार्च 2025 को 30,977 सिलेंडर वितरित हुए थे, जबकि 13 मार्च 2026 को 26,883 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। 14 मार्च 2025 को 18,200 के मुकाबले 14 मार्च 2026 को 28,457 सिलेंडर वितरित किए गए। इसी प्रकार 15 मार्च 2025 को 17,100 सिलेंडरों की डिलीवरी हुई थी, जबकि 15 मार्च 2026 को 25,126 सिलेंडर वितरित किए गए।
कुल मिलाकर 11 से 15 मार्च 2025 के बीच 1,15,500 और इसी अवधि में 2026 में 1,17,273 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई है।
बुकिंग के क्रम से हो रही होम डिलीवरी, एजेंसियों की निगरानी
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के माध्यम से नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों की लगातार निगरानी की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिसकी बुकिंग पहले है उसे पहले सिलेंडर मिले। बुकिंग के क्रम के अनुसार ही उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी दी जा रही है।
डीएम की अपील: अफवाहों पर ध्यान न दें, पैनिक बुकिंग से बचें
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जनपदवासियों से अपील की है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक पैनिक बुकिंग से बचें। उन्होंने कहा कि जनपद में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कंट्रोल रूम को 75 शिकायतें प्राप्त, 33 का निस्तारण
जिलापूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिलापूर्ति कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम में 16 मार्च 2026 को लैंडलाइन के माध्यम से 57 तथा व्हाट्सएप के माध्यम से 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, इस प्रकार कुल 75 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 33 शिकायतों का निस्तारण करते हुए सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण की कार्रवाई जारी है। उपभोक्ता एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित अपनी शिकायतें लैंडलाइन नंबर 0512-2988763 तथा व्हाट्सएप नंबर 6394616122 पर दर्ज करा सकते हैं। दोनों नंबर पूर्णतः क्रियाशील हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
'ईरान युद्ध के बीच पाकिस्तान 'कुछ भी' कर सकता है', राजनाथ सिंह ने किया सतर्क तो ख्वाजा आसिफ को लगी मिर्ची | Assam Election में Yogi Adityanath की हुंकार, एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालेगी NDA सरकार | महिला आरक्षण बिल पर Kiren Rijiju का बड़ा ऐलान, 16 April को बुलाया गया संसद का Special Session | PM Modi को धन्यवाद देकर बोले Chirag Paswan, उम्मीद है विपक्ष भी Nari Shakti Bill का साथ देगा
Advertisement ×