दिल्ली के चुनावी दंगल में हर बार की तरह इस बार भी विभिन्न पार्टियों की तरफ से ताल ठोके जा रहे हैं लेकिन असल मुकाबला तो सिर्फ तीन पार्टियों के बीच ही है। जिन्होंने जनता के सामने अपने वादों-इरादों का पिटारा खोल दिया है। आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को लुभाने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी के दोबारा सत्ता में आने पर छात्रों को मुफ्त बस यात्रा प्रदान करने के एक बड़े वादे की घोषणा की है। यह घोषणा चुनाव से पहले आप के मतदाता आधार को मजबूत करने के उद्देश्य से मुफ्त सुविधाओं की एक श्रृंखला के बीच आई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में दोबारा हमारी सरकार बनने पर स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों के लिए दिल्ली मेट्रो में रियायत और बसों में सफ़र मुफ़्त करेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये बिल्कुल जनहित का मामला है और न इसमें कोई राजनीति है और न होनी चाहिए। मैं उम्मीद करता हूं कि हमारे बच्चों और युवाओं के लिए प्रधानमंत्री इसे जरूर स्वीकार करेंगे। चुनाव खत्म होने के बाद हम बसों में छात्रों का सफर फ्री कर देंगे। मेट्रो के अंदर 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। ये छात्रों के जीवन में एक खुसी लेकर आएगा।
