26 फरवरी को होगा बिठूर महोत्सव का भव्य शुभारंभ

  • बिठूर महोत्सव की तैयारी का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
कानपुर। बिठूर महोत्सव–2026 के आयोजन से पूर्व बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने नाना राव पेशवा स्मारक, बिठूर स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच, प्रदर्शनी पंडाल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, यातायात योजना, स्वच्छता तथा चिकित्सा सुविधा की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने कहा कि महोत्सव की तैयारियां लगभग पूर्ण हैं और सभी विभागों द्वारा समन्वित रूप से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
“सनातन एवं संस्कृति का उत्सव” थीम पर आयोजित तीन दिवसीय बिठूर महोत्सव का शुभारंभ आज 26 फरवरी को सायं 4:45 बजे प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन दिवस पर सायं 5:15 बजे भोपाल कथक समिति की प्रस्तुति आयोजित होगी। रात्रि 7:30 बजे डॉ. पलाश सेन एवं यूफोरिया बैंड का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जो प्रथम दिवस का प्रमुख आकर्षण रहेगा। महोत्सव 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होगा।
महोत्सव में रक्षा मंत्रालय के उपक्रमों की प्रदर्शनी, आईआईटी कानपुर की एआई एवं वीआर आधारित प्रदर्शनी, उद्यान विभाग का फ्लावर शो, सीएसजेएमयू के फाइन आर्ट्स विभाग की प्रदर्शनी तथा लोक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 27 फरवरी को स्थानीय प्रतिभाओं के लिए विशेष मंच तथा 28 फरवरी को शास्त्रीय एवं लोक प्रस्तुतियों के साथ गंगा आरती में महोत्सव का समापन होगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में सहभागिता करें तथा शांति, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग प्रदान करें। महोत्सव के दौरान कानपुर नगर से बिठूर तक रोडवेज बसों का विशेष संचालन प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
'ईरान युद्ध के बीच पाकिस्तान 'कुछ भी' कर सकता है', राजनाथ सिंह ने किया सतर्क तो ख्वाजा आसिफ को लगी मिर्ची | Assam Election में Yogi Adityanath की हुंकार, एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालेगी NDA सरकार | महिला आरक्षण बिल पर Kiren Rijiju का बड़ा ऐलान, 16 April को बुलाया गया संसद का Special Session | PM Modi को धन्यवाद देकर बोले Chirag Paswan, उम्मीद है विपक्ष भी Nari Shakti Bill का साथ देगा
Advertisement ×