कानपुर। बर्रा थाना के विश्व बैंक क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते 34 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या की घटना को अंजाम दिया गया। मृतक की पहचान रिंकू (34) के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।परिजनों के अनुसार, सोमवार से ही रिंकू और उनकी पत्नी निधि के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद निधि बच्चों (किशन, नैना और आरोही) को स्कूल छोड़ने चली गईं। घर पर अकेले होने के दौरान रिंकू ने कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
बच्चों को स्कूल छोड़कर जब निधि वापस घर लौटीं, तो कमरे में पति का शव पंखे से लटकता देख उसके होश उड़ गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय निवासियों ने तुरंत 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही बर्रा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के छोटे भाई महेंद्र ने बताया कि दंपती के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था, जिसके कारण परिवार के अन्य सदस्य (मां कुशम सहित) अलग रहने लगे थे। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
