कानपुर। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान तथा वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के तहत विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं।
जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशांत कुमार वर्मा एवं डॉ. शिवकांत (रीजनल कोऑर्डिनेटर, पाथ) के नेतृत्व में ब्लॉक बिधनू क्षेत्र में अभियान के अंतर्गत निरीक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधनू का निरीक्षण करते हुए लैब एवं डेंगू वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान लैब टेक्नीशियन को निर्देशित किया गया कि ओपीडी में आने वाले सभी बुखार के मरीजों की अनिवार्य रूप से मलेरिया जांच कराई जाए तथा संक्रमित पाए जाने पर भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार तत्काल उपचार सुनिश्चित करते हुए 14 दिन का पूरा कोर्स कराया जाए।
टीम द्वारा खेरसा ग्राम का भ्रमण कर घर-घर जाकर लोगों को संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही गांव में साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में ब्लॉक भीतरगांव के ग्राम बारीगांव एवं वीरसिंहपुर में संयुक्त टीम द्वारा हॉटस्पॉट क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। बारीगांव में 169 घरों एवं 1361 जल पात्रों की जांच में 2 घर एवं 2 जल पात्र संक्रमित पाए गए, जिस पर कार्रवाई करते हुए एक नोटिस जारी किया गया। वहीं वीरसिंहपुर में 129 घरों एवं 1104 जल पात्रों की जांच में कोई भी मामला पॉजिटिव नहीं पाया गया।
संयुक्त टीम में गौतम पुरवार, मंजीत यादव, दीपिका सिंह, आयुषी द्विवेदी (मलेरिया निरीक्षक), अवनीश सिंह (एसएफडब्ल्यू), अरविंद कुमार (आईएफडब्ल्यू) एवं अमृता यादव (वीवीडी कंसल्टेंट) शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि गांवों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य किए जा रहे हैं। पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को जागरूक किया गया तथा पशु बाड़ों को आबादी से दूर रखने की सलाह दी गई। कृषि विभाग द्वारा स्क्रब टाइफस जैसी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के अंतर्गत सोर्स रिडक्शन, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे, लार्वीसाइडल स्प्रे एवं एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण कराया गया। जनसामान्य से अपील की गई कि घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें, जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार तेल का छिड़काव करें तथा मच्छर रोधी उपाय अपनाएं।
संचारी रोगों से संबंधित सूचना एवं सहायता के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 तथा नगर निगम कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 2526005 पर संपर्क किया जा सकता है। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र में तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
