कानपुर। ‘विकसित उत्तर प्रदेश हेतु शिक्षा’ शीर्षक के अन्तर्गत कानपुर स्थित छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में आगामी 19-20 सितम्बर 2026 को शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा दो दिवसीय ज्ञान सभा का आयोजन किया जाना सुनिश्चित हुआ है। इस सम्बन्ध में कानपुर प्रांत के सह-संयोजक डाॅ० सुमित कुमार गुप्ता द्वारा विश्वविद्यालय के कुलगुरू व अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर विनय पाठक से मिलकर सभागार एवं अतिथि गृह में कार्यकर्ताओं के ठहरने हेतु सहमति प्राप्त कर ली है। इस ज्ञान सभा के समन्वय हेतु विश्वविद्यालय के लाईफ लांग लर्निंग एण्ड एक्सटेंशन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ० अमित मिश्रा को नामित किया गया है।
इस हेतु विश्वविद्यालय के दीन दयाल शोध केन्द्र में आयोजित क्षेत्रीय बैठक में न्यास के राष्ट्रीय सह-संयोजक संजय स्वामी ने बताया कि यह एक बड़ा आयोजन होगा इसमें दो दिन विकसित उत्तर प्रदेश हेतु शिक्षा विषय पर व्यापक मंथन होगा। इस हेतु व्यवस्था समिति, आयोजन समिति, संचालन समिति एवं मार्गदर्शक मण्डल हेतु दायित्वान कार्यकर्ताओं का चयन किया जाना है। इस दृष्टि से उत्तर प्रदेश के सभी केन्द्रीय व राज्य विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों एवं सभी राष्ट्रीय प्रांतीय संस्थानों के कुलगुरू, निदेशकों से सम्पर्क स्थापित करें।
इसमें पूरे उत्तर प्रदेश से उद्योगपतियों को भी सम्मिलित किया जायेगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के कुलगुरूओं से सम्पर्क स्थापित करना है। इस कार्यक्रम हेतु प्रचार प्रसार, यातायात व्यवस्था, भोजन व्यवस्था व आवास व्यवस्था के समुचित संयोजन हेतु कार्यकर्ताओं की टोलियाँ बनाई जानी हैं।
इसमें स्मारिका का भी प्रकाशन किया जायेगा। विभिन्न उद्योगों व विश्वविद्यालयों की प्रदर्शनी हेतु स्टाल भी लगाये जायेंगे। इस ज्ञान सभा में सम्मिलित होने हेतु राज्यपाल, मुख्यमंत्री व उच्च शिक्षा मंत्री के सम्मिलित होंने पर भी विचार किया गया।
