- सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज हो वास्तविक प्रगति, लापरवाही से रैंकिंग प्रभावित हुई तो तय होगी जिम्मेदारी
कानपुर। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर अंकित विकास कार्यों एवं सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर समय से हैंडओवर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
विभागवार समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा और मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। संबंधित अधिकारी नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी करें। गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों की स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे कार्यों की नियमित निगरानी कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। जिन परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, उन्हें संबंधित विभागों को हैंडओवर करने में अनावश्यक विलंब न किया जाए।
सीएमआईएस पोर्टल की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं की वास्तविक एवं अद्यतन प्रगति पोर्टल पर समय से दर्ज की जाए। प्रगति संबंधी सूचनाओं को अपडेट करने में लापरवाही के कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विकास एवं निर्माण कार्यों की संबंधित अधिकारी नियमित निगरानी करें और निर्धारित समयसीमा में उन्हें पूरा कराएं। कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, आईएएस/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संदीप, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
