- 10 कुंतल मिलावटी मिठाई नष्ट, खोया जब्त, प्रतिष्ठान पर लटकी निलंबन की तलवार
बीपीएस न्यूज, कानपुर। आगामी त्यौहारों (दीपावली एवं भाई दूज) के मद्देनजर आम जनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के आयुक्त के निर्देशों पर प्रदेश भर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी कानपुर के आदेशानुसार, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कानपुर नगर के सहायक आयुक्त संजय प्रताप सिंह द्वारा गठित विशेष टीमों ने शनिवार को नगर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

1. स्वर्ण जयंती विहार: 10 कुंतल दूषित मिठाई नष्ट, लगभग 2 लाख रुपये का माल जब्त
टीम द्वारा स्वर्ण जयंती विहार (कोयला नगर, देहली सुजानपुर, कानपुर नगर) स्थित एक मिष्ठान निर्माणशाला पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर भारी अनियमितता और अस्वस्थकर (Unclean) परिस्थितियां पाई गईं। मौके पर तैयार की जा रही लगभग 10 कुंतल खराब व अत्यधिक रंगीन मिठाई को विभागीय टीम द्वारा तत्काल नष्ट कराया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
टीम ने मौके से मिठाई के दो नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच हेतु भेज दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के पश्चात संबंधित कारोबारी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अत्यंत अस्वस्थकर माहौल में मिष्ठान निर्माण किए जाने के कारण प्रतिष्ठान का कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है तथा सुधार होने तक उसका पंजीकरण (Registration) निलंबित करने की संस्तुति की गई है।
2. घंटाघर: औरैया से लाया गया 2.40 कुंतल मिलावटी खोया नष्ट
दूसरी कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोमनाथ कुशवाहा और डॉ. देवेन्द्र सिंह आजाद की संयुक्त टीम ने घंटाघर के पास छापेमारी की। टीम ने औरैया से एक चारपहिया वाहन (इको) में भरकर लाए गए लगभग 2 कुंतल 40 किलो खोये (अनुमानित कीमत ₹84,000) को पकड़ा।
जांच में खोया बेहद गंदे कपड़ों में लपेटा हुआ और अत्यंत अस्वस्थकर परिस्थितियों में रखा पाया गया। मानव उपभोग और बिक्री के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त पाए जाने पर इस पूरे खोये को नगर निगम के डंपिंग यार्ड में ले जाकर नष्ट करवा दिया गया।
3. पनकी: कैटरर्स के यहां अनहाइजीनिक स्थिति में मिला खोया नष्ट
तीसरी कार्रवाई पनकी क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर रामनरेश कैटरर्स के यहां की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ता ने बताया कि त्यौहारों के समय मांग बढ़ने पर वह मिठाइयां बनाकर छोटी-छोटी दुकानों पर बेचता है और शनिवार से ही निर्माण कार्य शुरू किया जाना था।
मौके पर कुल 30 किलो खोया (अनुमानित मूल्य ₹11,400) काफी अनहाइजीनिक अवस्था में भंडारित मिला। खाद्य सुरक्षा टीम ने नियमानुसार खोये का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया तथा शेष बचे असुरक्षित खोये को मौके पर ही विनष्ट करा दिया।
विभागीय चेतावनी:
सहायक आयुक्त संजय प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि त्यौहारों के अवसर पर मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
