महंगाई देख कर देश के आम आदमी के पैरों तले जमीन खिसक गई है। सोने के बेतरतीब भाव ने देश के 81 फीसदी ज्वेलर्स को मालामाल कर दिया है। बिना मानक के संचालित सोने चांदी की दुकानों की कोई जांच ही नहीं हुई है, और आज एक पड़ताल के बाद इसकी एक तहकीकात ने सोने के बाजार में चल रहे ऐसे महाघोटाले से पर्दा उठाया है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए । अपनी बेटी की शादी या बुरे वक्त के लिए पेट काटकर जो सोना आप सरकारी हॉलमार्क देखकर खरीद रहे हैं, उसमें चीन से मंगाया गया रेनियम पाउडर मिलाकर आपके साथ सरेआम लूट की जा रही है—और सबसे डरावनी बात यह है कि हॉलमार्किंग सेंटर की सरकारी मशीनें भी इस चोरी को पकड़ने में पूरी तरह फेल साबित हो रही हैं । जरा इस हाई-टेक ठगी के विज्ञान और गणित को समझिए। जोधपुर के सर्राफा बाजार में किए गए एक लाइव प्रयोग में 7 . 8 3 0 ग्राम शुद्ध सोने के भीतर महज 1 ग्राम रेनियम पाउडर मिलाया गया। रेनियम एक ऐसी भारी धातु है जिसका घनत्व सोने के बेहद करीब होता है और इसका गलनांक सोने से भी कहीं ज्यादा होता है। जैसे ही इसे सोने में मिलाया गया, गहने का वजन बढ़ गया। इसके बाद जब इस मिलावटी सोने को जांच के लिए सामान्य टेस्टिंग और हॉलमार्किंग सेंटर की X आरएफ मशीनों के नीचे रखा गया, तो मशीन ने इसे 2 2 कैरेट (9 1.6 % शुद्ध) सोना बताकर पास कर दिया, जबकि हकीकत में उसके भीतर असली सोने की मात्रा गिरकर महज 2 0 कैरेट के बराबर रह गई थी । यानी साफ है कि एक्स-रे फ्लोरोसेंस (X R F) मशीनें सिर्फ गहने की ऊपरी परत को पढ़ पाती हैं और भीतर छिपे रेनियम के कणों को सोना ही समझ बैठती हैं।
अब जरा एक मध्यमवर्गीय पिता या गरीब मां की बेबसी की कल्पना कीजिए, जो आज के अस्सी हजार रुपये तोले के आसमान छूते भाव में अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी जोड़कर एक-दो तोला सोना खरीदते हैं। ग्राहक बेचारा सरकारी हॉलमार्क और एचयूआईडी नंबर पर आंख मूंदकर भरोसा करता है और पूरे वजन की पाई-पाई चुकाता है, लेकिन उसे पता ही नहीं चलता कि वह असली सोने के भाव में चाइनीज धातु का वजन खरीदकर घर ला रहा है। इस धोखे का असली दर्द तब सामने आता है जब आम आदमी किसी मुसीबत में, बीमारी में या बच्चों की पढ़ाई के लिए उसी गहने को गलवाने या बेचने के लिए सुनार के पास जाता है। जब गहने को भट्टी में गलाकर रिफाइन किया जाता है, तब रेनियम अलग हो जाता है और असली सोना कम निकलता है। उस वक्त हाथ में आता है सिर्फ पछतावा और ठगे जाने का अहसास । कैग की रिपोर्ट पहले ही बता चुकी है कि भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस ) के अफसर 80 फीसदी दुकानों में झांकने तक नहीं जाते, और अब हॉलमार्किंग मशीनों की इस नाकामी ने पूरे सिस्टम पर ही सवालिया निशान लगा दिया है। अगर सरकारी मुहर और जांच केंद्र भी इस मिलावट को नहीं पकड़ पा रहे हैं, तो आम नागरिक अपनी मेहनत की कमाई की गारंटी किससे मांगे ?
खून, दूध, पनीर, घी, मसाले और जीवन रक्षक दवाइयों के बाद अब बुरे वक्त की आखिरी पूंजी यानी सोने में भी मिलावट का यह जहर घोल दिया गया है। आखिर हमारा देश किस दिशा में जा रहा है, जहां चारों तरफ सिर्फ लूट और मिलावट का सिंडिकेट हावी है? सरकार और बीआईएस को कुंभकर्णी नींद से जागकर तुरंत हॉलमार्किंग सेंटर्स की जांच तकनीक को अपग्रेड करना होगा और रेनियम तस्करी के इस नेटवर्क को कुचलना होगा, वरना आम आदमी का सरकारी मुहरों से बचा-खुचा भरोसा भी हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा। सोने का धंधा देश का सबसे अनऑर्गनाइज्ड धंधा है, फिर भी GST कैसे वसूलता है? यही तो सबसे बड़ा खेल है।
पूछिए किसी से – देश में सबसे अनऑर्गनाइज्ड धंधा कौन सा है तो जवाब मिलेगा मिलावट का धंधा ! और ये जवाब गलत नहीं है। देश में 2.36 लाख बीआईएस -रजिस्टर्ड ज्वेलर हैं। पर जमीन पर दुकानें इससे दोगुनी हैं। गली के सुनार, गाँव के सर्राफ, कस्बे का छोटा ज्वेलर, फुटपाथ पर बैठा मरम्मत वाला, घर में बैठकर गहना बनाने वाला कारीगर – इनमें से ज्यादातर का BIS से कोई लेना-देना नहीं है। हॉलमार्किंग सिर्फ 392 जिलों में अनिवार्य है। देश में 700 से ज्यादा जिले हैं। मतलब आधे से ज्यादा भारत में बिना हॉलमार्क के सोना बेचना ही कानूनी रूप से चल रहा है। कैग ने कहा – 81% की जांच ही नहीं हुई। ये तो रजिस्टर्ड वालों की बात है। अनरजिस्टर्ड वालों की जांच का तो सवाल ही नहीं उठता। वो तो सिस्टम में हैं ही नहीं। फिर सवाल उठता है – अगर ये धंधा इतना अनऑर्गनाइज्ड है, इतना बिना रजिस्ट्रेशन के है, तो ये जीएसटी कैसे वसूल रहा है? जीएसटी तो सिर्फ रजिस्टर्ड व्यापारी वसूल सकता है।
यहीं से असली खेल शुरू होता है। ज्यादातर छोटे ज्वेलर जीएसटी में रजिस्टर्ड हैं, क्योंकि बिना जीएसटी नंबर के वो थोक में सोना खरीद ही नहीं सकते पर बीआईएस में रजिस्टर्ड नहीं हैं, क्योंकि बीआईएस में रजिस्ट्रेशन मतलब – हर गहने की जांच, हर गहने पर एचयूआईडी , हर साल ऑडिट। मतलब पूरी पारदर्शिता। और पारदर्शिता से ही तो इन्हें डर लगता है। सोने पर जीएसटी 3% है। मेकिंग चार्ज पर 5% जीएसटी है। ग्राहक को बिल में ये साफ दिखता है। ग्राहक खुश है देखो, पक्का बिल मिला,जीएसटी दिया, मतलब दुकानदार ईमानदार है। पर असली कहानी बील के पीछे है। छोटे ज्वेलर का हिसाब ऐसे चलता है। एक हिस्सा पक्का बिल वाला। इसमें जीएसटी वसूला जाता है, सरकार को दिया जाता है। ये वो हिस्सा है जो दिखाना है। नतीजा ये है देश का सबसे कीमती धंधा, सबसे कम निगरानी में चल रहा है।

पंकज सीबी मिश्रा, राजनीतिक विश्लेषक एवं पत्रकार जौनपुर यूपी
