15 दिन में शहर की सभी सड़कें हों गड्ढामुक्त : मंडलायुक्त

  • मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने किया निरीक्षण, तय समय में काम पूरा न होने पर कार्यदायी संस्था होगी काली सूची में
कानपुर। बरसात समाप्ति की ओर होने के साथ ही शहर की सड़कों को दुरुस्त करने की कवायद तेज होगी। मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने शनिवार को सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों और पैचवर्क का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को पैच मरम्मत में तेजी लाकर 15 दिन के भीतर शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम ग्रिड के कार्य हर हाल में 31 अक्टूबर तक पूरे करने को कहा। स्पष्ट किया कि तय समयसीमा में काम पूरा नहीं करने वाली कार्यदायी संस्थाओं को काली सूची में डालने की कार्रवाई की जाए।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले जोन-2 के जाजमऊ क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के तहत जेके प्रथम से पैसिफिक लॉन तथा वीआईपी रोड से लाल बंगला चौराहा तक बन रही सड़क का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, नगर निगम के मुख्य अभियंता समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत 2.4 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। यहां व्हाइट टॉपिंग पद्धति से सड़क बनाई जा रही है। इस तकनीक का इस्तेमाल विशेष रूप से उन स्थानों पर किया जाता है, जहां जलभराव की समस्या रहती है। अधिकारियों के अनुसार व्हाइट टॉपिंग से बनी सड़क 20 से 25 वर्ष तक क्षतिग्रस्त नहीं होती और आवागमन सुचारु रहता है।
इस मार्ग के निर्माण की निर्धारित समयसीमा 31 अक्टूबर है। मंडलायुक्त ने निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराते हुए एक माह में पूरा करने के निर्देश दिए। मार्ग पर 60 मीटर की पट्टी में अतिक्रमण के कारण फुटपाथ का काम रुका होने की जानकारी पर उन्होंने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और फुटपाथ का निर्माण शुरू कराने को कहा। स्पष्ट किया कि 31 अक्टूबर तक काम हर हाल में पूरा होना चाहिए, अन्यथा संबंधित कार्यदायी संस्था को काली सूची में डालने की कार्रवाई की जाए।
इसके बाद मंडलायुक्त ने वीआईपी रोड से लाल बंगला के बीच चल रहे पैच मरम्मत कार्य का जायजा लिया। मौके पर कार्य प्रगति पर मिला। उन्होंने कहा कि बरसात अब समाप्ति की ओर है, इसलिए पैच मरम्मत के काम में तेजी लाई जाए। मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि अभियान के रूप में कार्य कराते हुए अगले 15 दिनों में शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए।
मंडलायुक्त ने जोन-4 में स्वरूप नगर थाने से माता स्वरूप रानी मार्ग होते हुए मटके वाले चौराहे तक सीएम ग्रिड के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। यह मार्ग 1.50 किलोमीटर लंबा है। अधिकारियों ने बताया कि यहां कुल 3000 मीटर सीवर लाइन में से 2900 मीटर सीवर लाइन डाली जा चुकी है। 3000 मीटर वाटर लाइन के सापेक्ष 2500 मीटर का कार्य पूरा हो चुका है। 2800 मीटर इलेक्ट्रिक डक्ट एवं एचडीपीई पाइप डाले जा चुके हैं, जबकि 2900 मीटर स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज का कार्य पूरा हो गया है। फुटपाथ पर 850 मीटर पीसीसी हो चुकी है और रोड वर्क के तहत 200 मीटर सड़क की मिलिंग पूरी कर ली गई है। शनिवार से पेवर का काम भी शुरू कर दिया गया, जिसे तीन दिन में पूरा किया जाना है।
निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण से निकले मलबे को मंडलायुक्त ने शनिवार रात आठ बजे तक हर हाल में हटाने के निर्देश दिए। सड़क पर खुले मैनहोल और चैंबर के आसपास समुचित बैरिकेडिंग कराने को कहा, ताकि आमजन को असुविधा न हो। फुटपाथ की चौड़ाई दो मीटर तक सीमित रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्वरूप नगर-माता स्वरूप रानी मार्ग का कार्य भी 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। तय समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर कार्यदायी संस्था मेसर्स एसएस इन्फाजोन को काली सूची में डालने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
BRICS समिट में PM मोदी का कूटनीतिक 'मैराथन': 3 दिनों में दुनिया के 15 राष्ट्राध्यक्षों संग की द्विपक्षीय वार्ता ................... Bageshwar Baba की तस्वीर जलाने के आरोप में Congress नेता आशुतोष चटर्जी तलब | 'ताकतवर होने से कोई सही नहीं हो जाता': जिनपिंग का पश्चिमी देशों को संदेश, ग्लोबल साउथ को मजबूत करने पर दिया जोर ............. Ajith Kumar से गले मिले CM Vijay तो मचा सियासी बवाल, DMK ने कसा तंज | क्या बीमार हैं शी जिनपिंग या कुछ और? PM मोदी ने बीच में भाषण रोक पूछा चीनी राष्‍ट्रपति का हाल, डिनर में भी नहीं हुए थे शामिल .... BJP सरकार मनमाने ढंग से काम कर विपक्ष पर लगा रही झूठे मुकदमे: Akhilesh | चीन की तरफ से दोस्ती का हाथ... रविशंकर प्रसाद ने BRICS की सफलता पर PM मोदी को दी बधाई, मायावती ने विश्व मंच पर पहलगाम के जिक्र को बताया अहम
Advertisement ×