- जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
- पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के दिए निर्देश
कानपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आज जनपद के सभी 3,770 बूथों पर विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने आर्य नगर विधान सभा क्षेत्र कैलाश नाथ बालिका इंटर कॉलेज, क्राइस्ट चर्च डिग्री कॉलेज तथा हेडसन स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), सुपरवाइजरों तथा बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) से संवाद कर मतदाता पंजीकरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
कैलाश नाथ बालिका इंटर कॉलेज में सभी छह बूथों पर मिले बीएलओ
कैलाश नाथ बालिका इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 25 से 30 तक कुल छह बूथ बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सभी छह बूथों पर बीएलओ उपस्थित मिले। इनमें आशा, सौरभ, शालिनी दुबे, श्रद्धा, रचना एवं दीप्ति दुबे शामिल रहीं।
क्राइस्ट चर्च डिग्री कॉलेज में सभी छह बूथों पर मिली उपस्थिति
क्राइस्ट चर्च डिग्री कॉलेज में बूथ संख्या 160 से 165 तक कुल छह बूथ स्थापित हैं। निरीक्षण के दौरान यहां सभी संबंधित बीएलओ उपस्थित मिले। इनमें मनीषा, बिंदु देवी, प्रियंका कटियार, जितुल द्विवेदी, गगन कनौजिया तथा नीलकमल शामिल रहे।
हेडसन स्कूल में नौ बूथों का किया निरीक्षण
हेडसन स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर बूथ संख्या 9 से 18 तक बूथ बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मौके पर सभी संबंधित बीएलओ उपस्थित मिले। इनमें रामकृष्ण, गीता शुक्ला, अनुग्रह, दीपिका गुप्ता, मनोज कुमार, अल्पना, साइमा रेहान एवं नीलेश शाक्य सहित अन्य संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।
पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि विशेष मतदाता पंजीकरण शिविरों के माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं सहित प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता पंजीकरण से संबंधित प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं पात्र नागरिकों का पंजीकरण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी बूथों पर शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान ई0आर0ओ0 आर्य नगर पुष्पेंद्र उपस्थित रहे।
