कानपुर। चुनाव आयोग की नीतियों और मतदाता सूची में कथित धांधली के खिलाफ आज कानपुर की सड़कों पर अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) कानपुर जिला कमेटी के आह्वान पर जुटे कार्यकर्ताओं और आम जनता ने एक ‘मानव श्रृंखला’ (Human Chain) बनाकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया और पूरे शहर में विरोध की गूंज पैदा कर दी। इस गगनभेदी विरोध प्रदर्शन में विभिन्न जनसंगठनों के नेतृत्वकारी साथियों और साधारण समर्थकों ने उत्साह से भाग लिया, जिसने इस मानव श्रृंखला को ऐतिहासिक रूप से कामयाब बनाया।
यह प्रदर्शन कानपुर जिला पार्टी मुख्यालय ‘कामरेड राम आसरे भवन’ पर आयोजित किया गया था।
माकपा का यह तीखा विरोध चुनाव आयोग द्वारा चलाई जा रही ‘एसआईआर (SIR) प्रक्रिया’ को तुरंत रोकने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और मतदाता सूची को पूर्व की स्थिति में बहाल करने की मांगों को लेकर था। नेताओं ने दो टूक कहा कि मतदाता सूची में की जा रही गड़बड़ियां अवाम के लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला हैं।
प्रदर्शन के समापन पर माकपा के जिला सचिव ने इस आंदोलन को अभूतपूर्व ऊंचाई पर ले जाने के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर और अनुशासित तरीके से मानव श्रृंखला बनाकर तानाशाही रवैये के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए सभी कामरेडों, जनसंगठनों के पदाधिकारियों और समर्थकों को बधाई दी और क्रांतिकारी सलाम के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
