कानपुर। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, दस्तक अभियान एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के तहत व्यापक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, मलेरिया निरीक्षक अमित धीमान एवं आई.एफ.डब्ल्यू. अरविन्द कुमार की टीम द्वारा शहरी क्षेत्र के जोन-02 स्थित यशोदा नगर कच्ची बस्ती का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया गया तथा सफाई कर्मचारियों को अभियान के दौरान एवं उसके बाद भी नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही 10 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रहे दस्तक अभियान के सफल संचालन के लिए टीम द्वारा घर-घर जाकर आमजन को वेक्टर जनित रोगों एवं उनसे संबंधित 12 प्रकार की बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में मलेरिया निरीक्षक गौतम पुरवार एवं मंजीत यादव द्वारा ब्लॉक ककवन के ग्राम गढ़वा एवं मनावा में निरीक्षण कर 75 घरों का सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान 342 जल-पात्रों की जांच की गई, जिसमें कोई भी संदिग्ध (पॉजिटिव) मामला नहीं पाया गया।
मलेरिया निरीक्षक दीपिका सिंह द्वारा ब्लॉक शिवराजपुर के ग्राम जगदीशपुर एवं ब्लॉक बिल्हौर के ग्राम धमनी निवादा का निरीक्षण किया गया। ग्राम जगदीशपुर में 30 घरों एवं 140 जल-पात्रों तथा ग्राम धमनी निवादा में 40 घरों एवं 162 जल-पात्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कोई भी पॉजिटिव केस नहीं मिला।
जिला मलेरिया अधिकारी के निर्देशन में संयुक्त टीम द्वारा ककवन, शिवराजपुर एवं बिल्हौर ब्लॉकों के ग्रामीण क्षेत्रों में संचारी रोग नियंत्रण गतिविधियों का सुपरविजन किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई एवं पंचायती राज विभाग द्वारा माइक्रोप्लान के अनुसार कार्य कराया जा रहा है। पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को जागरूक करते हुए पशु बाड़ों को आबादी से दूर रखने की सलाह दी गई, जबकि कृषि रक्षा विभाग द्वारा चूहे एवं छछूंदर से फैलने वाले स्क्रब टाइफस रोग के संबंध में जानकारी दी गई।
अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सोर्स रिडक्शन, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे तथा नालियों में लार्वानाशी दवाओं का छिड़काव कराया गया। साथ ही एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की गईं। आमजन से अपील की गई कि वे घरों एवं आसपास जलभराव न होने दें, पानी एकत्रित न होने दें तथा आवश्यकतानुसार मच्छर रोधी क्रीम का प्रयोग करें और शरीर को ढककर रखें।
संचारी रोगों से संबंधित सूचना एवं सहायता के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 तथा नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2526004, 2526005 पर संपर्क किया जा सकता है। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
जिला मलेरिया अधिकारी के निर्देशानुसार संयुक्त टीम द्वारा चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा रहा है।
