कानपुर। महोबा जनपद में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा के अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म एवं अमानवीय उत्पीड़न की हृदयविदारक घटना के विरोध में आज कानपुर महानगर कांग्रेस ने अध्यक्ष पवन गुप्ता की अगुआई में महामहिम राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कानपुर नगर के माध्यम से सौंपा।
कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं एवं बेटियों के साथ बढ़ रही अपराध की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और यह प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को दर्शाती हैं। कांग्रेस पार्टी पीड़िता एवं उसके परिवार के साथ खड़ी है तथा दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मांग की कि सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए, पीड़िता एवं उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा उचित आर्थिक सहायता एवं नि:शुल्क उपचार दिया जाए।
कांग्रेसजनों ने प्रदेश सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की मांग की।इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। इस दौरान पवन गुप्ता,नरेश चंद्र त्रिपाठी, विजय बाजपेई, संजय शाह, राकेश साहू,शीलू श्रीवास्तव,पदम मोहन मिश्रा,वैभव चौधरी,राजेश सविता,गौरव शर्मा,राजेश द्विवेदी,विनोद अवस्थी,संजय पांडे,संजय शिखर, डी एन पाल,मनोज दुबे उपस्थित रहे।
