पेट में गैस की समस्या बेहद आम होती जा रही है। खासकर जब थोड़ा सा भी खाना खाने के बाद पेट भारी हो जाए या गुब्बारे की तरह फूलने लगे, तो यह स्थिति न सिर्फ असहज कर देती है बल्कि दिनभर की ऊर्जा भी छीन लेती है। इस तरह की समस्या का कारण केवल गलत खानपान ही नहीं होता, बल्कि कई बार इसकी जड़ में कमजोर पाचन तंत्र होता है। लगातार बाहर का खाना, अनियमित दिनचर्या और तनाव जैसी चीजें पाचन क्रिया को प्रभावित कर सकती हैं। हालांकि, हर बार दवा लेना जरूरी नहीं होता। गैस और अपच जैसी समस्याओं में कुछ घरेलू उपाय काफी कारगर साबित हो सकते हैं। रसोई में मौजूद सौंफ, अजवाइन, अदरक जैसी सामान्य चीजें इस परेशानी से राहत दिला सकती हैं।
बहुत ज्यादा तली-भुनी और मसालेदार चीजें खाने से पाचन तंत्र पर दबाव बढ़ता है। इस तरह का खाना पचने में समय लेता है और आंतों में गैस का निर्माण करता है। इसके अलावा, अधिक फाइबर वाले खाद्य पदार्थ जैसे राजमा, छोले, गोभी, मूली आंतों में किण्वन (fermentation) की प्रक्रिया को तेज करते हैं, जिससे अधिक गैस बनती है।
कई लोगों को दूध और डेयरी उत्पादों में मौजूद लैक्टोज पचाने में परेशानी होती है। जब ये अधपचे रह जाते हैं, तो आंतों में मौजूद बैक्टीरिया उन्हें तोड़ते हैं, जिससे गैस और ब्लोटिंग होने लगती है।
जब पेट पूरी तरह साफ नहीं होता, तो आंतों में जमा मल गैस को बाहर नहीं निकलने देता, जिससे पेट फूला रहता है और दर्द या ऐंठन हो सकती है। धीमी आंतों की गति गैस के निर्माण को बढ़ाती है।
मानसिक तनाव से पाचन क्रिया प्रभावित होती है, जिससे गैस बन सकती है।
लगातार एक ही जगह बैठे रहने से पाचन धीमा हो जाता है।
बीन्स, प्याज, मूली, सोयाबीन आदि का अधिक सेवन भी गैस की समस्या पैदा कर सकता है।
गैस बन जाए तो इन तरीकों से दें पेट को राहत
- संतुलित और हल्का भोजन लें।
- भोजन को अच्छे से चबाकर खाएं।
- नियमित रूप से हल्की-फुल्की व्यायाम या वॉक करें।
- सौंफ और मिश्री मिलाकर चबाने से पेट को ठंडक मिलती है और गैस जल्दी निकल जाती है।
- अजवाइन और काला नमक गर्म पानी के साथ लेने से पाचन सुधरता है और अपच की शिकायत दूर होती है।
- अदरक का रस या कच्चा अदरक नमक के साथ लेने से पेट की जलन और सूजन में राहत मिलती है।
- तनाव कम करने की कोशिश करें योग और मेडिटेशन मददगार हो सकते हैं।
- सौंफ, अजवाइन, अदरक, हींग जैसी चीज़ों को अपने खानपान में शामिल करें।
- कोल्ड ड्रिंक्स, फास्ट फूड और अत्यधिक मसाले से दूरी बनाएं।
इस आर्टिकल में बताई विधियां, तरीके और दावे अलग-अलग जानकारियों पर आधारित हैं। BPS NEWS आर्टिकल में दी गई जानकारी के सही होने का दावा नहीं करता है। किसी भी उपचार और सुझाव को अप्लाई करने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
