उत्तर प्रदेश के संभल की शाही जामा मस्जिद में मंदिर के प्रमाण मिलने के और भी सबूत सामने आए हैं. असल में सर्वेक्षण के दौरान मस्जिद के अंदर 50 से अधिक फूलों के निशान, सुदर्शन चक्र, और मंदिर की संरचना से जुड़े अन्य सबूत सामने आए हैं. इसके अलावा, मस्जिद के परिसर में दो वट वृक्ष और एक प्राचीन कुआं पाया गया है, जो हिंदू धार्मिक परंपराओं से जुड़े माने जाते हैं. विशेषज्ञों ने मस्जिद के निर्माण में पुराने ढांचे को बदलने और मंदिर के आकार पर प्लास्टर कर पेंट करने की बात भी कही है.
शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान 24 नवंबर को हिंसा भड़क उठी थी. इस हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. हिंसा उस याचिका के संदर्भ में हुई, जिसमें दावा किया गया था कि मस्जिद के स्थान पर पहले हरिहर मंदिर था. घटना के बाद से संभल में तनावपूर्ण माहौल है, लेकिन प्रशासन की कड़ी निगरानी के चलते स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है.
आयोग को दो महीने के भीतर अपनी जांच पूरी करने का निर्देश दिया गया है. अगर आवश्यकता पड़ी, तो समय सीमा बढ़ाने के लिए सरकार की मंजूरी ली जाएगी. प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए हैं और 10 दिसंबर तक लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
