- बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर, फॉगिंग एवं सोर्स रिडक्शन के साथ ओआरएस व क्लोरीन टैबलेट का वितरण
कानपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर नगर के मौखिक निर्देशों के अनुपालन में नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, मलेरिया निरीक्षक गौतम पुरवार, लैब टेक्नीशियन गणेश शंखवार, सहयोगी संस्था पाथ के रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकांत तथा जनपदीय टीम द्वारा ब्लॉक चौबेपुर के ग्राम किशुनपुर में लगातार सामने आ रहे डेंगू रोगियों के दृष्टिगत किए जा रहे बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन तथा अन्य निरोधात्मक गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जनसामान्य को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करते हुए डेंगू एवं अन्य वाहक जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
ग्राम किशुनपुर, ब्लॉक चौबेपुर में मलेरिया निरीक्षक गौतम पुरवार की टीम द्वारा सोर्स रिडक्शन, लार्वीसाइडल स्प्रे, बुखार सर्वेक्षण, इंडोर स्पेस स्प्रे, आवश्यक जांच एवं जनजागरूकता संबंधी निरोधात्मक गतिविधियां की गईं। इस दौरान एक महिला के घर में मच्छरों के प्रजनन की स्थिति पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया तथा मच्छरों एवं उनसे होने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई।
मेहरबान सिंह का पुरवा, ब्लॉक बिधनू तथा तात्या टोपे नगर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. नीरज सचान द्वारा प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य शिविर एवं सोर्स रिडक्शन की गतिविधियों का भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आश्रय लिए लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी देने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशों से अवगत कराया गया। साथ ही नगर निगम से समन्वय स्थापित कर इन क्षेत्रों में विशेष रूप से सायंकालीन फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।
समस्त बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ओआरएस पैकेट एवं क्लोरीन टैबलेट का वितरण किया गया। जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में एण्टमोलॉजिकल सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे तथा जनजागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों से अपील की गई कि घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में लार्वा पनपने वाले स्थानों पर एकत्रित पानी को तत्काल हटाएं तथा जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार जला हुआ मोबिल ऑयल अथवा केरोसीन ऑयल डालें। खुली त्वचा पर प्राकृतिक मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करने तथा शरीर के अधिकांश हिस्से को कपड़ों से ढककर रखने की सलाह दी गई। लोगों को वाहक जनित एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।
आज जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में कुल 936 घरों का सर्वेक्षण किया गया, जिसमें 13 घर लार्वा धनात्मक पाए गए। कुल 7,619 पात्रों का सर्वेक्षण किया गया तथा 13 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया। सर्वेक्षण एवं निरोधात्मक गतिविधियां गडरिया मोहाल, शूटरगंज, तिवारीपुर, लक्ष्मीपुरवा, धर्मेंद्र नगर, रतनलाल नगर, हरिजन बस्ती उस्मानपुर, स्वर्ण जयंती विहार, कपली गांव, महाबलीपुरम, कल्याणपुर, विनायकपुर, पेशकार रोड चमनगंज, लोमड़ी का हाता कौशलपुरी, बर्रा-8 ई-1 क, खाड़ेपुर गांव तथा बिनगवां सहित विभिन्न क्षेत्रों में की गईं।
ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे तथा नालियों में लार्वीसाइडल स्प्रे भी कराया गया। दिनांक 08 सितम्बर 2026 की सायंकाल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बनाए गए आश्रय स्थलों के आसपास फॉगिंग कराई गई।
जनमानस को संचारी रोगों के संबंध में सूचना देने अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 संचालित हैं। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य शिविरों के अंतर्गत ग्राम किशुनपुर, ब्लॉक चौबेपुर में 11 सामान्य मरीजों को देखा गया तथा 11 मरीजों की मलेरिया एवं डेंगू जांच की गई, जिनमें कोई धनात्मक रोगी नहीं मिला और एक सैंपल एसएसएच लैब भेजा गया। मेहरबान सिंह का पुरवा में 34 सामान्य मरीज देखे गए, चार मरीजों की मलेरिया एवं डेंगू जांच की गई तथा चार सैंपल एसएसएच लैब भेजे गए। बिहारीगंज, ब्लॉक कल्याणपुर में 36 सामान्य मरीज देखे गए, 10 मरीजों की जांच की गई तथा दो सैंपल एसएसएच लैब भेजे गए। भौंतीखेड़ा, ब्लॉक कल्याणपुर में 45 सामान्य मरीज देखे गए, 25 मरीजों की जांच की गई तथा पांच सैंपल एसएसएच लैब भेजे गए। आई-ब्लॉक, विश्व बैंक बर्रा में 61 सामान्य मरीज देखे गए तथा पांच मरीजों की मलेरिया एवं डेंगू जांच की गई। सभी शिविरों में जांच किए गए मरीजों में कोई धनात्मक रोगी नहीं पाया गया।
इसके अतिरिक्त जनमानस को संचारी रोगों से संबंधित सूचना देने एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के लिए नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 0512-2526005 संचालित हैं। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में टीमों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
