- फॉगिंग व लार्वानाशक छिड़काव के निर्देश
कानपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर नगर के मौखिक निर्देशों के अनुपालन में नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सहयोगी संस्था पाथ के रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. शिवकांत तथा जनपदीय टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्र मेहरबान सिंह का पुरवा में किए जा रहे बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन तथा अन्य निरोधात्मक गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जनसामान्य को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करते हुए संचारी एवं वाहक जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
राजकीय इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में मलेरिया निरीक्षक उदय प्रताप सिंह एवं प्रभा सोनकर की टीम द्वारा सोर्स रिडक्शन, लार्वीसाइडल स्प्रे, बुखार सर्वेक्षण, इंडोर स्पेस स्प्रे, आवश्यक जांच एवं जनजागरूकता सहित विभिन्न निरोधात्मक गतिविधियां की गईं। कॉलेज में मेट्रो रेल से संबंधित कर्मियों, यूपीएसएसएफ के जवानों तथा हॉस्टल में रह रहे अन्य लोगों को मच्छरों से बचाव तथा मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई।
मेहरबान सिंह का पुरवा, ब्लॉक बिधनू तथा तात्या टोपे नगर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. नीरज सचान द्वारा प्रतिदिन स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने तथा सोर्स रिडक्शन की गतिविधियों का भौतिक निरीक्षण किया गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बनाए गए आश्रय स्थलों पर रह रहे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी एवं बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशों से अवगत कराया गया। साथ ही नगर निगम से समन्वय स्थापित कर इन क्षेत्रों में विशेष रूप से शाम के समय फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए।
जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव तथा जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। लोगों से अपील की गई कि घरों एवं आसपास लार्वा पनपने वाले स्थानों पर पानी एकत्र न होने दें तथा जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यकतानुसार जला हुआ मोबिल ऑयल अथवा केरोसिन ऑयल डाला जाए। खुले शरीर पर प्राकृतिक मच्छर निरोधक क्रीम का प्रयोग करने तथा शरीर के अधिकांश हिस्से को कपड़ों से ढककर रखने की सलाह दी गई। लोगों को डेंगू, मलेरिया सहित अन्य वाहक जनित एवं संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में कुल 1259 घरों का सर्वेक्षण किया गया, जिसमें 39 घर लार्वा धनात्मक पाए गए। कुल 6015 पात्रों की जांच की गई तथा लार्वा पाए जाने वाले सभी 39 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे तथा नालियों में लार्वीसाइडल स्प्रे भी कराया गया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के आश्रय स्थलों के आसपास 06 सितम्बर 2026 की शाम को फॉगिंग कराई गई।
स्वास्थ्य शिविरों में राजकीय इंटर कॉलेज में 27 सामान्य मरीजों की जांच की गई। इनमें 23 मरीजों की मलेरिया एवं डेंगू की जांच की गई, जिसमें कोई मलेरिया रोगी नहीं मिला तथा चार सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। मेहरबान सिंह का पुरवा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 42 सामान्य मरीजों को देखा गया तथा 16 मरीजों की मलेरिया एवं डेंगू संबंधी जांच की गई। जांच में कोई मलेरिया रोगी नहीं पाया गया तथा तीन सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए।
जनसामान्य को संचारी रोगों के संबंध में सूचना देने अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 संचालित हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर संबंधित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसी प्रकार नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम में हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 0512-2526005 संचालित हैं। जनसामान्य इन नंबरों पर संचारी रोगों से संबंधित सूचना अथवा समस्या की जानकारी दे सकते हैं, जिस पर संबंधित टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
