भारत के कई राज्यों में आटे का चूरमा खूब खाया जाता है। यह एक पारम्परिक मिठाई जैसी है, जो देसी घी, गेहूं के आटे और गुड़ या चीनी के साथ मिलाकर बनाई जाती है। इसका स्वाद ऐसा होता है कि एक के बाद एक चूरमे का लड्डू खाने का मन करता है। खास बात यह है कि इस व्यंजन को बनाना बेहद आसान है और यह सभी उम्र के लोगों को पसंद आता है।
चूरमा बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए ?
- गेहूं का आटा 2 कप
- घी आधा कप ( या आवश्यकतानुसार)
- पिसी चीनी या गुड़ आधा कप
- इलायची पाउडर आधा चम्मच
- काजू‑बादाम कटे हुए (ऑप्शनल)
- थोड़ा दूध (ऑप्शनल)
1. आटा गूंथना: आटे में दो-तीन चम्मच घी मिलाएं और हाथ से अच्छी तरह गुथ लें। धीरे‑धीरे दूध डालते हुए सख्त आटा तैयार करें। आटे को 10‑15 मिनट तक ढक कर रखें। (आप चाहे तो नार्मल पानी में भी आटा गुथ सकते हैं जैसे रोटियों के लिए गुथा जाता है।)
2. लोइयां बनाना और सेकना: आटे की छोटी‑छोटी लोइयां बनाकर तवे पर धीमी आंच पर घी में सुनहरा‑भूरा होने तक सेकें।
3. चूरमा तैयार करना: सेकी हुई लोइयों को ठंडा करके मिक्सी में दरदरा पिसें। इसमें थोड़ा घी, पिसी चीनी या गुड़, इलायची पाउडर और काजू‑बादाम डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अब बस इसे बाहर निकाले और लड्डू की शेप दें। तैयार है आपका चुरमा। आप चाहे तो हाथ से भी लोईयों को चुर चुर करके चूरमा तैयार कर सकते हैं बस थोड़ा घी और मीठा डाले और लड्डू की शेप दें।
परोसने का तरीका
वैसे तो चूरमे को ऐसे ही खाया जा सकता है या दाल‑बाटी के साथ भी परोसा जा सकता है। वहीं ज्यादा कुरकुरापन चाहें तो लोइयों को थोड़ा पतला बेल कर सेकते हैं। गुड़ की जगह पिसी हुई चीनी इस्तेमाल करने से मिठास हल्की रहती है। इसके अलावा ज्यादा स्वाद के लिए थोड़ा नारियल का बुरादा भी मिलाया जा सकता है।
मिनटों में बनकर तैयार हो जाता है चूरमा
आटे का चूरमा न सिर्फ स्वाद में बल्कि पोषण में भी समृद्ध है। घी में मौजूद विटामिन E और आटे की फाइबर एनर्जी देते हैं, जो ठंड के मौसम में खासतौर पर सेहत के लिए काफी लाभदायक बताया जाता है। आटे का चूरमा एक सरल, स्वादिष्ट और पौष्टिक मिठाई है, जो किसी भी उत्सव को और भी खास बना देती है। आप इसे घर पर बड़े ही आसानी से तैयार कर सकते हैं और अपने परिवार के साथ चूरमा खाने का आनंद ले सकते हैं।
