तमाम मंथन के दौर और चुनाव परिणाम आने के 11 दिन बाद आखिरकार कौन होगा दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री इसका जवाब मिल गया। बीजेपी की तरफ से तमाम नामों के पछाड़ते हुए रेखा गुप्ता दिल्ली की सीएम के रूप में अपनी दावेदारी को पक्का कर लिया। विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता नेता चुनी गईं हैं। शालीमार बाग से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को शिकस्त देकर बड़ी कामयाबी हासिल की। नाम के ऐलान से पहले प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता, रेखा गुप्ता औऱ सतीश उपाध्याय के साथ पहले पर्यवेक्षकों रवि शंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ ने बैठक की।
राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 20 फरवरी को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल एक भव्य समारोह में शपथ लेगा। पार्टी नेताओं के मुताबिक, रामलीला मैदान में होने वाले कार्यक्रम में करीब 50,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण समारोह के बाद दिल्ली के इंपीरियल होटल में एनडीए नेताओं के लिए विशेष लंच की व्यवस्था की गई है। इस कार्यक्रम में गठबंधन के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी रहेगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की उम्मीद है।
बहुप्रतीक्षित शपथ समारोह में सितारों का जमावड़ा होने वाला है, जिसमें राजनीतिक दिग्गजों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रसिद्ध हस्तियों सहित कई हाई-प्रोफाइल गणमान्य लोग शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले शीर्ष नेताओं में शामिल हैं। उनके अलावा, कई केंद्रीय मंत्रियों को भी इस अवसर पर आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों की भी भागीदारी होगी। हालाँकि, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित उनमें से कुछ अपने-अपने विधानसभाओं में चल रहे बजट सत्र के कारण भाग नहीं ले पाएंगे। इस कार्यक्रम में 40 मशहूर हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार, दिल्ली की निवर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी और उनके पूर्ववर्ती और तीन बार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी शपथ समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।
