ड्राफ्ट मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन, डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उपलब्ध कराई ड्राफ्ट रोल की प्रति

कानपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जनपद की सभी दस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन आज दिनांक 6 जनवरी को किया गया। इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्हें प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों की हार्ड एवं सॉफ्ट प्रतियां उपलब्ध कराई गईं। बैठक में पुनरीक्षण अभियान की समयसीमा, सत्यापन प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
आलेख्य रूप से प्रकाशित मतदाता सूची जनपद के सभी 3770 मतदेय स्थलों पर आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध है। इसके साथ ही संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय तथा डीईओ-एनआईसी पोर्टल पर भी मतदाता सूची सार्वजनिक रूप से देखी जा सकती है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मतदाता को यह अवसर दिया गया है कि वह सूची का परीक्षण कर सके और किसी भी प्रकार की त्रुटि की स्थिति में निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सके।
ड्राफ्ट प्रकाशन के उपरांत जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 26,36,113 दर्ज की गई है, जिसमें 14,32,050 पुरुष, 12,03,952 महिला तथा 111 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभा वार आंकड़ों के अनुसार बिल्हौर में 3,22,155, बिठूर में 3,24,295, कल्याणपुर में 2,41,741, गोविंद नगर में 2,39,636, सीसामऊ में 1,99,010, आर्यनगर में 2,03,807, किदवई नगर में 2,50,841, कानपुर कैंट में 2,42,357, महाराजपुर में 3,30,321 तथा घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र में 2,81,950 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नो-मैपिंग श्रेणी में कुल 2,07,661 मतदाता पाए गए हैं, जो कुल मतदाताओं का 5.81 प्रतिशत है। इन सभी प्रकरणों में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विधिवत नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस के अनुपालन में मतदाताओं से आयोग द्वारा निर्धारित 13 प्रकार के वैध अभिलेखों में से किसी एक के माध्यम से सत्यापन कराया जाएगा, जिनमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, केंद्र अथवा राज्य सरकार द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम विभाग का पहचान पत्र, पेंशन भुगतान आदेश, सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्गत जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र अथवा मतदाता के नाम से जारी बिजली, पानी या टेलीफोन बिल, आधार कार्ड शामिल हैं। यह सत्यापन प्रक्रिया 6 जनवरी से 27 फरवरी 2026 के बीच अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा नोटिस में उल्लिखित स्थलों पर पूरी की जाएगी।
पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत बूथों का पुनर्संयोजन भी किया गया है, जिसके फलस्वरूप जनपद में मतदान केंद्रों की संख्या 3620 से बढ़कर 3770 हो गई है। प्रशासनिक स्तर पर इसे मतदाताओं की सुविधा और मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत विधानसभा वार अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 6 मार्च 2026, शुक्रवार को किया जाएगा।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है और विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र नाम सूची में दर्ज न हो। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ विवेक चतुर्वेदी , एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह सहित विभिन्न अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली के सफल प्रकाशन के उपरांत बूथ लेवल अधिकारियों के कार्य की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घर-घर सत्यापन, मतदाता विवरण के अद्यतन और समयबद्ध डाटा संकलन में बीएलओ की मेहनत के कारण ही यह महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा हो सका। जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्वाचन प्रक्रिया की जमीनी कड़ी बताते हुए उनके योगदान को लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
'ईरान युद्ध के बीच पाकिस्तान 'कुछ भी' कर सकता है', राजनाथ सिंह ने किया सतर्क तो ख्वाजा आसिफ को लगी मिर्ची | Assam Election में Yogi Adityanath की हुंकार, एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालेगी NDA सरकार | महिला आरक्षण बिल पर Kiren Rijiju का बड़ा ऐलान, 16 April को बुलाया गया संसद का Special Session | PM Modi को धन्यवाद देकर बोले Chirag Paswan, उम्मीद है विपक्ष भी Nari Shakti Bill का साथ देगा
Advertisement ×