बिस्तर पर केंचुल छोड़ भागी युवती ‘इच्छाधारी नागिन’?….. पुलिस ने सुलझाया रहस्य?

उत्तर प्रदेश में औरैया जिला के सिंगनपुर गांव में पिछले कुछ दिनों से चर्चा का विषय बनी ‘इच्छाधारी नागिन’ की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। जिस युवती के गायब होने और उसके बिस्तर पर सांप की केंचुल मिलने से पूरे इलाके में दहशत और अंधविश्वास का माहौल बन गया था, उसने अब खुद सामने आकर पूरी कहानी बयां की है। युवती ने इंस्टाग्राम पर अपने पति के साथ वीडियो साझा कर बताया कि यह सब घर से भागने के लिए रचा गया एक ड्रामा था।

कैसे फैली इच्छाधारी नागिन की अफवाह?

घटना 8 फरवरी की रात की है, जब फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली रीना अचानक अपने घर से लापता हो गई। सुबह जब मां ने बेटी का कमरा खोला, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बिस्तर पर बेटी के गहने, चूड़ियां और सिंदूर के साथ करीब पांच फुट लंबी सांप की केंचुल पड़ी थी। इस रहस्यमयी दृश्य को देखकर गांव में यह बात आग की तरह फैल गई कि युवती वास्तव में एक ‘इच्छाधारी नागिन’ थी, जो अपना असली रूप धारण कर कहीं चली गई है।

हालांकि इसके बाद परिवार ने लड़की के गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस को दी। बिस्तर पर सांप की केंचुल, चूड़ियां, सिंदूर, कान के बाले और नाक की लोंग रखी मिलने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन सांप की खाल का सस्पेंस बरकरार रहा।

इंस्टाग्राम वीडियो से खुला राज

इसके बाद 13 फरवरी को ‘आइ लव माम’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से दो वीडियो वायरल हुए, जिसने सारे सस्पेंस को खत्म कर दिया। वीडियो में रीना अपने प्रेमी सतनाम (जिसे वह श्याम जी भी कह रही है) के साथ नजर आ रही है। उसने साफ तौर पर कहा, “मैंने अपनी मर्जी से कोर्ट मैरिज कर ली है, ये मेरे पति हैं।”

वीडियो में युवती ने कबूल किया कि उसने जानबूझकर बिस्तर पर सांप की केंचुल और पूजन सामग्री रखी थी ताकि परिवार और गांव वाले भ्रमित हो जाएं और उसे ढूंढने के बजाय अंधविश्वास के फेर में पड़ें। इस ड्रामे का मकसद सिर्फ इतना था कि उसे भागने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

शादी से बचने के लिए अपनाया ‘फिल्मी’ तरीका

रीना ने बताया कि परिवार वाले उसकी मर्जी के बिना कहीं और शादी तय कर रहे थे, जबकि वह गांव के ही सतनाम से प्यार करती थी। अपनी शादी बचाने के लिए उसने यह अनोखा तरीका अपनाया। वीडियो में उसने अपनी कोर्ट मैरिज की तस्वीरें भी दिखाईं और अपील की कि उसके पति या ससुराल वालों को परेशान न किया जाए। उसने यह भी चेतावनी दी कि यदि उन्हें कुछ होता है, तो इसके लिए उसका परिवार जिम्मेदार होगा।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन अब युवती के सुरक्षित होने और शादी की बात सामने आने के बाद मामला पूरी तरह साफ हो गया है। इसके बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाहों और अंधविश्वास पर यकीन न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
PM Modi की West Bengal में बड़ी चेतावनी, 4 May के बाद TMC के हर पाप का होगा हिसाब | Congress आई तो जेल जाने को रहें तैयार, Rahul Gandhi का Assam CM को अल्टीमेटम | Himanta Biswa Sarma का Congress पर बड़ा पलटवार, Pawan Khera को दी जेल भेजने की चेतावनी | अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, "उस जलडमरूमध्य को खोलो, तुम पागल कमीनों!"
Advertisement ×