कानपुर। कमिश्नरेट कानपुर नगर की साइबर क्राइम सेल पश्चिम जोन एवं थाना पनकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में साइबर ठगी के लिए फर्जी फर्मों के माध्यम से सिम कार्ड सक्रिय कर उपलब्ध कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
अभियुक्त फर्जी फर्मों के जरिए हजारों सिम कार्ड प्राप्त कर उन्हें सक्रिय कराते थे तथा विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं नामचीन कंपनियों के नाम का दुरुपयोग कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। जांच में एनसीआरपी पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से प्राप्त शिकायतों में लगभग 36 लाख रुपये की साइबर ठगी प्रकाश में आई है।
पुलिस द्वारा अभियुक्तों के कब्जे से 08 लैपटॉप, 50 मोबाइल फोन, 12,383 सिम कार्ड, 40 एटीएम कार्ड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
