कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के पीएसी मोड़ पर बुधवार देर रात सिगरेट के पैसे मांगना एक पान दुकानदार के लिए भारी पड़ गया। नशे में धुत बाइक सवार युवकों ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। इस घटना का वीडियो गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
गंगागंज बस्ती निवासी शुभम कुमार पीएसी मोड़ पर पान की दुकान चलाते हैं। बुधवार देर रात उनकी दुकान पर दो बाइक सवार युवक पहुंचे। शुभम के अनुसार, एक युवक ने सिगरेट मांगी। सिगरेट देने के बाद जब शुभम ने उससे पैसे मांगे, तो दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने पिटाई करने की नीयत से अपना जूता तक निकाल लिया।
हंगामा और शोर सुनकर चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, आरोपी युवक पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया। उसने खुद को कानपुर कोर्ट में पिछले चार साल से क्रिमिनल केस की प्रैक्टिस करने वाला वकील बताया और अपनी पहचान का हवाला देकर पुलिस पर धौंस जमाने की कोशिश की। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने आरोपी को जीप में बैठाकर थाने पहुंचाया। मेडिकल जांच कराने पर आरोपी के नशे में होने की पुष्टि हुई। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि दहेली सुजानपुर निवासी नितेश सिंह के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई है।
