- विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से मिलेगी गति : उपमुख्यमंत्री
- प्रदर्शनी में जनपद में हुए विकास कार्यो को किया गया प्रदर्शित, 20 जून तक चलेगी प्रदर्शनी
कानपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ विषयक विकास प्रदर्शनी का मंगलवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना परियोजनाओं तथा विकास उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
अवलोकन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर आयोजित संस्कार कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए त्रिशा एवं आरव का विद्यारंभ संस्कार कराया। वहीं दर्श एवं आरोही का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया तथा करिश्मा, लक्ष्मी एवं पूजा सिंह की गोदभराई कर उन्हें शुभकामनाएं प्रदान कीं। उन्होंने मातृ एवं शिशु कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त मातृशक्ति ही विकसित समाज की आधारशिला है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के 9 वर्षों के दौरान सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य हुआ है। विकास प्रदर्शनी इन उपलब्धियों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। ऐसे आयोजनों से लोगों को विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी मिलती है और वे विकास यात्रा के सहभागी बनते हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की।
प्रदर्शनी में कानपुर नगर निगम, जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), ट्रूफ कंफर्ट्स लिमिटेड (टीसीएल), नेयवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड (एनयूपीपीएल), 1×660 मेगावाट पनकी तापीय विस्तार परियोजना, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, भारती कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पराग डेयरी तथा मिशन शक्ति सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। प्रदर्शनी में जनपद की दसों विधानसभाओं में विगत 9 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया है। वहीं फूड कोर्ट आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश में हुए परिवर्तन, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रदर्शनी आमजन को सरकार की नीतियों एवं उपलब्धियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह प्रदर्शनी 17 जून से 20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।
इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक महेश त्रिवेदी, विधायक सुरेन्द्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष (उत्तर) अनिल दीक्षित, भाजपा जिलाध्यक्ष (दक्षिण)शिवराम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) उपेन्द्र पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
