- इंस्टॉलेशन के बाद टेस्टिंग प्रक्रिया भी पूरी; ओएचई के बजाय 750 वोल्ट डीसी थर्ड रेल से संचालित होती हैं कानपुर मेट्रो की ट्रेनें
कानपुर। मेट्रो रेल परियोजना के लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में उक्त कॉरिडोर के लगभग 4.10 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन (रावतपुर–डबल पुलिया) की ‘डाउनलाइन टनल’ में थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। इससे पहले विगत माह इसी ‘डाउनलाइन टनल’ में ट्रैक निर्माण का कार्य पूरा किया गया था। थर्ड रेल इंस्टॉलेशन के बाद इसे ऊर्जीकृत कर टेस्टिंग प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें सभी पैरामीटर सामान्य एवं संतोषजनक पाए गए।
इसके साथ ही, अब सीएसए परिसर स्थित कॉरिडोर-2 डिपो रैंप से विजय नगर स्टेशन के निकट स्थित रैंप तक ‘डाउनलाइन टनल’ में ट्रैक और थर्ड रेल इंस्टॉलेशन, दोनों का ही कार्य पूरा हो गया है। वहीं, ‘अपलाइन टनल’ में भी ट्रैक निर्माण और थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
थर्ड रेल प्रणाली की विशेषताएं एवं प्रमुख लाभ थर्ड रेल प्रणाली में पारंपरिक ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) प्रणाली के स्थान पर ट्रैक के समानांतर बिछाई गई एक अतिरिक्त रेल के माध्यम से ट्रेनों को विद्युत आपूर्ति प्रदान की जाती है।
यह डायरेक्ट करंट (डीसी) आधारित प्रणाली है। कानपुर मेट्रो की ट्रेनें 750 वोल्ट डीसी करंट पर संचालित होती हैं और परिचालन के लिए इसी थर्ड रेल से ऊर्जा प्राप्त करती हैं।
थर्ड रेल ट्रैक्शन सिस्टम का मेंटेनेंस अपेक्षाकृत कम होता है, क्योंकि इसमें पतंगबाजी आदि के कारण बिजली की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका नहीं रहती।
चूंकि थर्ड रेल सिस्टम में विद्युत तारों का कोई सेटअप बाहरी तौर पर दिखाई नहीं देता, इसलिए यह शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर की सुंदरता बनाए रखने में भी सहायक है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने इस अवसर पर कहा, “कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) के अंडरग्राउंड सेक्शन में कॉरिडोर-2 डिपो रैंप से विजय नगर स्टेशन के निकट स्थित रैंप के बीच ‘डाउनलाइन टनल’ में थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा होना हमारे लिए एक अहम मील का पत्थर है। इस टनल में ट्रैक निर्माण का कार्य भी पहले ही पूरा किया जा चुका है। कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड और एलिवेटेड, दोनों सेक्शनों में विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से सिविल निर्माण एवं सिस्टम इंस्टॉलेशन के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कानपुर मेट्रो की टीम पूरे समर्पण और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
