- नॉर्थैम्प्टन के भारतीय मूल के चिकित्सक ने भेजा प्रोत्साहन का उपहार
- कैलीग्राफी की किताबें और विशेष पेन पाकर खिल उठा चेहरा, डीएम ने भेंट की गुल्लक
कानपुर। कानपुर की छात्रा शिवानी की सुंदर हस्तलिपि ने पहले लोगों का ध्यान खींचा, फिर मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए उसकी कहानी ब्रिटेन पहुंची और अब उसी कहानी से प्रभावित होकर नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले भारतीय मूल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष शर्मा ने उसके लिए कैलीग्राफी की पुस्तकें और विशेष पेन भेजे हैं। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने यह उपहार शिवानी को सौंपते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिवानी अपनी आकर्षक, स्पष्ट और अत्यंत व्यवस्थित हस्तलिपि के कारण चर्चा में आई थी। उसकी लिखावट इतनी सुंदर है कि पहली नजर में वह टाइप किया हुआ पाठ प्रतीत होता है। उसकी इसी विशेष प्रतिभा को देखकर जिलाधिकारी ने पूर्व में उसे सम्मानित कर प्रोत्साहित किया था। इसके बाद उसकी कहानी मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से देश-विदेश तक पहुंची।
ब्रिटेन के नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले भारतीय मूल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष शर्मा ने जब सोशल मीडिया के माध्यम से शिवानी की कहानी के बारे में जाना तो वह उसकी लगन और लेखन कला से प्रभावित हुए। उन्होंने महसूस किया कि ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। चूंकि उन्हें शिवानी के घर का पता ज्ञात नहीं था, इसलिए उन्होंने कैलीग्राफी की पुस्तकें, विशेष पेन तथा अन्य अध्ययन सामग्री जिलाधिकारी कानपुर नगर के पते पर भेजी। साथ ही एक पत्र लिखकर अनुरोध किया कि यह सामग्री शिवानी तक पहुंचा दी जाए।
डॉ. आशुतोष शर्मा द्वारा भेजे गए कोरियर और पत्र के क्रम में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनता दर्शन में शिवानी को आमंत्रित किया। इस दौरान उन्होंने शिवानी को कैलीग्राफी की पुस्तकें, विशेष पेन तथा अन्य सामग्री सुपुर्द की। साथ ही एक गुल्लक भी भेंट की तथा बचत की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने शिवानी को भेजी गई पुस्तकों का गंभीरता से अध्ययन करने, नियमित अभ्यास जारी रखने तथा कैलीग्राफी के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिवानी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है जो मेहनत और लगन के बल पर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। प्रतिभा को सही समय पर प्रोत्साहन और उचित मार्गदर्शन मिले तो बच्चे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिवानी भविष्य में कैलीग्राफी के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगी।
विशेष उपहार प्राप्त कर शिवानी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने डॉ. आशुतोष शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपहार उसके लिए बड़ी प्रेरणा है। उसने जिलाधिकारी का भी धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि वह कैलीग्राफी की पुस्तकों का अध्ययन कर अपनी लेखन कला को और बेहतर बनाने का प्रयास करेगी।
