कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा के पास सोमवार सुबह करीब 6 बजे नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में एक युवक, एक किशोर और एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले कांशीराम अस्पताल और फिर गंभीर हालत में हैलट अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर इलाज और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
