- प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की टीम साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल वित्तीय अपराध सहित सभी साइबर मामलों में करेगी त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई
कानपुर। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से पूर्व में रेलबाजार स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन परिसर में संचालित साइबर थाने को सिविल लाइंस स्थित 112 कार्यालय परिसर (पुलिस ग्राउंड के सामने) आधुनिक संसाधनों, उन्नत सॉफ्टवेयर एवं विशेष टेक्निकल सेल के साथ स्थानांतरित किया है, जिससे साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा तथा अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध संकल्प शर्मा द्वारा नवनिर्मित साइबर थाने का निरीक्षण किया गया तथा वहां उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि बढ़ते साइबर अपराधों की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए साइबर थाने को नवीनतम तकनीक एवं बेहतर आधारभूत सुविधाओं से विकसित किया गया है । यहां प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की टीम संयुक्त रूप से कार्य करेगी, जिससे साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल वित्तीय अपराध एवं अन्य साइबर अपराधों की जांच अधिक वैज्ञानिक, प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से की जा सकेगी । नए साइबर थाने में सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर), प्रभारी निरीक्षक साइबर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात रहेंगे, जिससे साइबर अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई की गति और गुणवत्ता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
