- मोटर दुर्घटना, सिविल, पारिवारिक, बैंक ऋण वसूली, एनआई एक्ट एवं राजस्व से संबंधित मामलों का होगा निस्तारण
कानपुर। पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर अभिनव तिवारी ने अवगत कराया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशन में एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा प्रेषित पत्र के क्रम में तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर की अध्यक्षता में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर, 2026 (द्वितीय शनिवार) को दीवानी न्यायालय परिसर, कानपुर नगर में किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, सिविल वाद, पारिवारिक वाद, बैंक ऋण वसूली वाद, एनआई एक्ट वाद तथा राजस्व से संबंधित अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन से पूर्व संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए 17 अगस्त, 2026, 24 अगस्त, 2026, 28 अगस्त, 2026 एवं 01 सितंबर, 2026 को प्री-ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। प्री-ट्रायल संबंधित वाद के न्यायालय में ही संपन्न होगा।
वादी एवं प्रतिवादी अपने मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के लिए निर्धारित तिथियों पर प्री-ट्रायल में उपस्थित होकर न्यायालय के समक्ष अपनी सहमति प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने वादकारियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में प्री-ट्रायल में उपस्थित होकर अपने मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराएं, जिससे आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।
