- घरेलू कलह मानी जा रही है आत्महत्या का कारण
कानपुर। शहर के निराला नगर स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले तथा पेशे से एक डाक्टर ने अपने ही घर में अपनी ही लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। डाक्टर सर्जन थे तथा कानपुर देहात में तैनात थे। गोली की आवाज सुनकर जब उनकी पत्नी कमरे में पहुंची तो उन्होने अपने पति को खून से लतपथ हालत में जमीन पर पडे देखा।
जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात लगभग दो बजे निराला नगर स्थित ब्लाॅसम अपार्टमेंट में रहने वाले 47 वर्षीय डाक्टर संदीप सिंह, जो सर्जन थे और कानपुर देहात में उनकी तैनाती थी, उन्होने अपनी ही लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुन जब उनकी पत्नी कमरे में पहुंची तो उन्होने अपने पति को जमीन पर खून से लतपथ पाया।
घटना के बाद परिजनों ने बुरी तरह जख्मी डाक्टर को रेजेंसी अस्पताल ले गये जहां डाक्टरों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम द्वारा रिवाल्वर को जब्त कर दिया गया है। वहीं मृतक संदीप सिंह के पिता राज बहादुर ने बताया कि रविवार की देर रात उनकी बहू कंचन का फोन आया कि संदीप ने खुद को गोली मार ली है और वह उन्हे अस्पताल लेकर जा रही है। पिता राजबहादुर सेना से रिटायर्ड कर्मचारी है तथा उनके चार पुत्र है। मृतक डाक्टर संदीप के दो भाईयों की पहले ही मौत हो चुकी है। उन्होने बताया कि बेटा संदीप और बहू कंचन अपनी एक बेटी तथा एक दो माह के पुत्र के साथ निराला नगर के इस अपार्टमेंट में अलग रहते थे।
मृतक डाक्टर के चचेरे भाई मोहित ने बताया कि संदीप की यह दूसरी शादी है, पहली शादी उनकी कानपुर की एमबीबीएस डाक्टर कीर्ति सिंह के साथ हुई थी और उनसे उनका एक 12 वर्ष का पुत्र भी है। बीते 2018 में दोनो के बीच तलाक हो गया था। जिसके बाद संदीप ने दूसरी शादी कर ली थी। वहीं पिता का कहना है कि संदीप की दूसरी पत्नी कंचन के साथ हमेशा विवाद हुआ करता था, जिसके बाद वह दोनो के बीच समझौता कराते थे। बताया कि रविवार को लगभग दस बजे उनकी संदीप से बात हुई थी और रात में संदीप द्वारा खुद को गोली मारने की उन्हे सूचना मिली।
पूरे मामले को लेकर किदवई नगर थानाध्यक्ष नीरज सिंह का कहना है कि अपनी रिवाल्वर से खुद को गोली मारने की घटना सामने आई है। प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह सामने आई है। शव को पोर्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी, पूंछतांछ के बाद ही सही स्थित का अनुमान लगाया जा सकेगा।
