- वरिष्ठ नागरिकों के पेंशन आवेदन में सहयोग करेंगे स्वयंसेवक, यातायात व्यवस्था में भी निभाएंगे भूमिका
कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में सिविल डिफेंस की कार्यप्रणाली एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में स्वयंसेवकों की भूमिका को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सिविल डिफेंस को अधिक सक्रिय, सशक्त एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों के साथ ही सामान्य दिनों में भी स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि उनकी सेवाओं का अधिकतम लाभ आमजन को मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध से लेकर विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों और ऑपरेशन सिंदूर तक सिविल डिफेंस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बदलती परिस्थितियों में स्वयंसेवकों को सदैव सजग, सतर्क और किसी भी आपात स्थिति में सहयोग के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में भी ट्रैफिक पुलिस के साथ सक्रिय सहयोग करें। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक अपने-अपने क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के पेंशन संबंधी आवेदन भरवाने तथा उन्हें संबंधित कार्यालयों तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने विद्यालयों में सिविल डिफेंस के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए। साथ ही विभाग के रिक्त अवैतनिक पदों को शीघ्र भरने और स्वयंसेवकों की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में सहायक उपनियंत्रक विमलेश कुमार यादव ने सिविल डिफेंस की कार्यप्रणाली एवं प्रमुख गतिविधियों की जानकारी दी। उपनियंत्रक ममता रानी ने विभागीय गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत करते हुए रिक्त अवैतनिक पदों को भरने के लिए चीफ वार्डेन से सहयोग की अपेक्षा की।
चीफ वार्डेन ने मासिक प्रखंडीय बैठकों में क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट एवं थानाध्यक्षों की सहभागिता सुनिश्चित करने, मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित रोगी समिति में सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों को सदस्य नामित करने तथा सराहनीय कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी ने सिविल डिफेंस भंडार में उपलब्ध सामग्री एवं उपकरणों का रिकॉर्ड अद्यतन करने, निष्प्रयोज्य सामग्री का भौतिक सत्यापन कर नियमानुसार नीलामी की कार्रवाई करने तथा आवश्यक नए उपकरणों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह उपस्थित रहे। संचालन वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक विमलेश कुमार यादव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन चीफ वार्डेन राजीव सिंह ने दिया। इस अवसर पर विष्णु कुमार शर्मा, सहायक उपनियंत्रक मुकेश कुमार, वरिष्ठ स्टोर कीपर प्रवीण वर्मा, डिप्टी चीफ वार्डेन आशीष बाजपेई, स्टाफ अधिकारी (आरक्षित) योगेन्द्र कुमार मिश्रा सहित विभागीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
