कानपुर। थाना बादशाहीनाका में मिशन शक्ति के छठवें चरण के अंतर्गत मॉडल मिशन शक्ति केंद्र का शुभारंभ किया गया, जहां शिकायत, काउंसलिंग, सहायता, आश्रय एवं पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध हैं । अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जागरूकता चौपाल में लगभग 350 महिलाओं, बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
चौपाल में बाल विवाह की रोकथाम, महिला सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय स्नेहा तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत लघु फिल्म ‘बढ़ते बच्चे’ के माध्यम से किशोरों को शारीरिक-मानसिक बदलावों, व्यक्तिगत सुरक्षा एवं ऑनलाइन-ऑफलाइन उत्पीड़न के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही 1090 हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।
