- मतदान प्रक्रिया से रूबरू होंगे आमजन, ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझने का मिलेगा अवसर
कानपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए जनपद की चारों तहसीलों में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं। शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सदर तहसील में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का शुभारंभ किया। इन केंद्रों पर आमजन ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली के संबंध में मतदाताओं को जागरूक करना आवश्यक है। केंद्र पर आने वाले लोगों को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने तथा वीवीपैट के जरिए अपने मत का सत्यापन करने की प्रक्रिया समझाई जाए। साथ ही मतदान प्रक्रिया से संबंधित उनकी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदर्शन केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मशीनों की कार्यप्रणाली सरल भाषा में समझाई जाए। आगंतुकों का विवरण निर्धारित रजिस्टर में नियमित रूप से दर्ज किया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को इन केंद्रों के माध्यम से जागरूक किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सदर सहित जनपद की चारों तहसीलों में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध हैं। इच्छुक व्यक्ति इन केंद्रों पर जाकर ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझ सकते हैं। इससे मतदाताओं को मतदान की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
