- सेना के सहयोग से मजबूत होगा कानपुर का सुरक्षा कवच, आधुनिक युद्ध और आपदा से निपटने का मिलेगा प्रशिक्षण
कानपुर। वर्तमान वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य और आधुनिक युद्ध की बदलती परिस्थितियों को देखते हुए कानपुर की नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। इसके लिए सेना के सहयोग से शहर की भौगोलिक, औद्योगिक एवं सामरिक परिस्थितियों के अनुरूप विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों को आधुनिक एवं हाइब्रिड युद्ध, साइबर वारफेयर, सूचना युद्ध तथा आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा जाएगा।
शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आयोजित सिविल डिफेंस की बैठक में नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में पारंपरिक आपदाओं के साथ आधुनिक युद्ध की चुनौतियों के लिए भी तैयार रहना आवश्यक है। कानपुर जैसे बड़े औद्योगिक शहर की सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसी कार्ययोजना विकसित की जाए, जिससे किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में नागरिक सुरक्षा तंत्र त्वरित एवं प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सेना के विशेषज्ञ सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण देंगे। इसमें युद्ध अथवा आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त भवनों के मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने, खोज एवं बचाव अभियान संचालित करने, घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत कार्यों के समन्वय की जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त आधुनिक एवं हाइब्रिड युद्ध की चुनौतियों, साइबर हमलों और सूचना युद्ध के माध्यम से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। नवंबर के अंतिम सप्ताह में इन विषयों पर विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा की प्रभावशीलता केवल संसाधनों की उपलब्धता से नहीं, बल्कि प्रशिक्षित स्वयंसेवकों, विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित अभ्यास से सुनिश्चित होती है। सेना के अनुभव एवं विशेषज्ञता का लाभ लेते हुए सिविल डिफेंस की क्षमता विकसित की जाएगी। प्रशिक्षण में आपातकालीन प्रतिक्रिया, रेस्क्यू ऑपरेशन और राहत प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
22 नवंबर को मॉक ड्रिल, सेना भी करेगी सहयोग
बैठक में आगामी 22 नवंबर को आजाद नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज में प्रस्तावित नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सेना के सहयोग से आयोजित इस अभ्यास में आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान नागरिक सुरक्षा तंत्र की प्रतिक्रिया, बचाव एवं राहत कार्यों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का परीक्षण किया जाएगा। मॉक ड्रिल के दौरान आजाद नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज में सायरन बजाने और ब्लैकआउट का अभ्यास भी किया जाएगा।
अभ्यास के दौरान सेना के अधिकारी सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली आवश्यक तकनीकों और बचाव के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी देंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मॉक ड्रिल की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा स्थानीय स्तर पर आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में असम रेजिमेंट के कर्नल शिवेंद्र तिवारी, मेजर मोहित, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा ममता रानी, राजीव सिंह सहित सिविल डिफेंस एवं संबंधित विभागों के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
